कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रायडीह मोड़ के पास हुआ, जहां हाइवा और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामगढ़ निवासी अकबर अली और डोमचांच निवासी जीवन मेहता के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में तिलैया थाना क्षेत्र के भादोडीह निवासी मोहम्मद सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।