फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: सीआईएमएफआर के 119 ठेका कर्मचारियों को हाईकोर्ट से राहत, तीन महीने में नियमितीकरण पर फैसला

Thu, 26 Nov 2026 02:50 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड हाईकोर्ट ने धनबाद स्थित सीएसआईआर-सीआईएमएफआर के 119 ठेका कर्मचारियों को नौकरी से हटाने पर लगी रोक बरकरार रखी है। अदालत ने सीजीआईटी धनबाद को नियमितीकरण से जुड़े विवाद पर तीन महीने में फैसला सुनाने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन
झारखंड हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड हाईकोर्ट ने धनबाद स्थित केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआईएमएफआर) के 119 ठेका कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने कर्मचारियों को नौकरी से हटाने पर लगी रोक बरकरार रखी है। साथ ही केंद्रीय सरकार औद्योगिक न्यायाधिकरण (सीजीआईटी), धनबाद को नियमितीकरण से जुड़े विवाद पर तीन महीने के भीतर अंतिम फैसला सुनाने का निर्देश दिया है।

ट्रिब्यूनल के फैसले के बाद भी चार सप्ताह तक राहत

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सीजीआईटी का अंतिम फैसला आने और संबंधित पक्षों को इसकी सूचना मिलने के बाद भी चार सप्ताह तक संस्थान में यथास्थिति बनी रहेगी। इस अवधि में सीआईएमएफआर प्रबंधन और ठेका कंपनी मेसर्स शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त नहीं कर सकेंगे। नई आउटसोर्सिंग भर्ती के लिए टेंडर भी जारी नहीं किया जा सकेगा। अदालत ने यह अतिरिक्त समय इसलिए दिया है, ताकि ट्रिब्यूनल के फैसले से असंतुष्ट पक्ष को सक्षम अदालत में चुनौती देने और कानूनी राहत लेने का अवसर मिल सके।

1995 से काम कर रहे कर्मचारियों ने टेंडर को दी थी चुनौती

राजेश तिवारी समेत 14 और मनबोध कुमार मंडल समेत 105 कर्मचारियों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल की थीं। उन्होंने 14 जुलाई 2023 को जारी टेंडर को चुनौती दी थी। कर्मचारियों का कहना था कि वे वर्ष 1995 से संस्थान में ठेका कर्मी के रूप में काम कर रहे हैं और उनके नियमितीकरण का मामला वर्ष 2006 से सीजीआईटी धनबाद में लंबित है। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि ट्रिब्यूनल की अनुमति के बिना नया टेंडर जारी कर उनकी सेवा शर्तों में बदलाव करने और उन्हें हटाने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले 21 जनवरी 2025 को भी हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर कर्मचारियों को हटाने पर रोक लगाई थी।

प्रबंधन की दलील हाईकोर्ट ने नहीं मानी

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि हाईकोर्ट में दो याचिकाएं लंबित होने के कारण ट्रिब्यूनल ने 12 अक्तूबर को फैसला सुनाने की प्रक्रिया रोक दी थी। इस पर खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि याचिकाओं के लंबित रहने से ट्रिब्यूनल को निर्णय सुनाने में कोई बाधा नहीं है। उसे मामले के तथ्यों और गुण-दोष के आधार पर तीन महीने में फैसला देना होगा।

विज्ञापन

वहीं, सीआईएमएफआर प्रबंधन ने अंतरिम आदेश वापस लेने के लिए हस्तक्षेप याचिका दाखिल की थी। प्रबंधन का तर्क था कि कर्मचारी संस्थान के सीधे कर्मचारी नहीं, बल्कि ठेका कंपनी के अधीन काम करते हैं। हाईकोर्ट ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि करीब ढाई दशक से काम कर रहे कर्मचारियों को इस पड़ाव पर हटाना उचित नहीं होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें