झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह 28 नवंबर से झारखंड हाईकोर्ट के नए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभालेंगे।
यह नियुक्ति वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी। न्यायमूर्ति सोनक शुक्रवार को अपना कार्यकाल पूरा कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद हाईकोर्ट के न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत हुई नियुक्ति
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत की जाती है। इस संवैधानिक प्रावधान के अनुसार, जब किसी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त हो जाता है या वह अपने दायित्वों का निर्वहन करने में असमर्थ होते हैं, तो राष्ट्रपति उसी उच्च न्यायालय के किसी अन्य न्यायाधीश को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर सकते हैं। इसी प्रावधान के तहत न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की नियुक्ति की गई है।