झारखंड के विभिन्न वन क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और जिला पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान में राइफल, मैगजीन, कारतूस और आईईडी से जुड़े संदिग्ध सामान बरामद किए गए। 21 और 22 अक्तूबर को सुग्गा बांध, आधे, दौना और दुरुप के जंगलों में कार्रवाई की गई।
जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में दो दिनों तक चले संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को हथियार, कारतूस और आईईडी से जुड़े संदिग्ध सामान बरामद करने में सफलता मिली है। सशस्त्र सीमा बल की बत्तीसवीं वाहिनी और जिला पुलिस ने सुग्गा बांध, आधे, दौना एवं दुरुप के जंगलों में अभियान चलाया था। शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूजा कुमारी और सशस्त्र सीमा बल के तिसिया समवाय के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई की पूरी जानकारी दी।
विज्ञापन
तलाशी अभियान लगातार जारी
अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से हथियार और विस्फोटकों से संबंधित सामग्री मिली है। 21 और 22 अक्तूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र से हथियार व कारतूस जब्त किए गए। वहीं, 22 अक्तूबर को ही आधे, दौना और दुरुप के जंगलों से आईईडी के दो स्टील कंटेनर समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जब्त हथियारों, गोला-बारूद तथा संदिग्ध सामान के संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जंगलों में संभवतः छूटे अन्य हथियारों और गोला-बारूद का पता लगाने के लिए सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान लगातार जारी है।
सुग्गा बांध से राइफल व कारतूस मिले
21 अक्तूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में पहला तलाशी अभियान चलाया गया। सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव के नेतृत्व में चले इस अभियान में एक.303 राइफल, एक खाली मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस और कारतूस रखने की एक थैली बरामद की गई। इस टीम में सशस्त्र सीमा बल के 24 जवान और महुआडांड़ थाना के सहायक उप निरीक्षक महेंद्र कुमार रजक शामिल थे। इसके बाद, 22 अक्तूबर को सुग्गा बांध क्षेत्र में दोबारा अभियान चलाकर एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक खाली 9 एमएम पिस्टल मैगजीन और कुल 63 कारतूस मिले। इन कारतूसों में 28 जिंदा कारतूस, 34 ट्रेसर कारतूस तथा एक 7.62 एमएम का जिंदा कारतूस शामिल है।
विज्ञापन
आईईडी कंटेनर व अन्य सामान जब्त
इसी दिन यानी 22 अक्तूबर को सशस्त्र सीमा बल की एफ समवाय बांसकरचा और महुआडांड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आधे, दौना तथा दुरुप के वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। अभियान में आईईडी के दो स्टील कंटेनर, 20 मीटर प्लास्टिक शीट, रस्सी का एक बंडल, सिंथेटिक कपड़ा और दो बोरी रेत बरामद की गई।