फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड क्राइम: सुबह की सैर के दौरान गौर चंद्र बागती की गला रेतकर हत्या, चचेरा भाई गिरफ्तार

Mon, 05 Oct 2026 05:53 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

साहिबगंज के मोहनपुर में सुबह की सैर के दौरान 55 वर्षीय गौर चंद्र बागती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में उसके चचेरे भाई बहादुर बागती को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश में हत्या करना स्वीकार किया।

विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर में सुबह की सैर के दौरान 55 वर्षीय गौर चंद्र बागती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी आपसी रंजिश के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि रविवार सुबह करीब 4:45 बजे पुलिस को मोहनपुर चौक के पास गौर चंद्र बागती की हत्या की सूचना मिली थी। गौर चंद्र सुबह की सैर के लिए निकला था और घटनास्थल के पास अपने मित्र श्रीपद मंडल का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान आरोपी बहादुर बागती पीछे से पहुंचा और गौर चंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। गौर चंद्र ने मदद के लिए आवाज लगाई और बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर बहादुर बागती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। घटनास्थल से आरोपी की चप्पल भी मिली है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गौर चंद्र बागती निजी अमीन के रूप में काम करता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी घर पर छोटी किराना दुकान चलाती है। परिवार में उसकी वृद्ध मां और पुत्र अमित बागती हैं। करीब छह महीने पहले उसकी बेटी का निधन हुआ था। अमित बागती के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें