केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की बोकारो-करगली टीम ने बेरमो अनुमंडल के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगलों में बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ के सुरक्षा बलों ने बुधवार की देर रात छापेमारी करके 47 टन 257 किलोग्राम अवैध कोयला जब्त किया।
कमांडेंट राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस योजनाबद्ध अभियान ने जंगल के भीतर छिपाकर रखे गए अवैध कोयले के बड़े स्टॉक का पर्दाफाश कर दिया। पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों की यह पहली सीधी और बड़ी कार्रवाई है। तस्करों ने अवैध खनन के जरिये जुटाए कोयले को जंगल के अंदर छिपाकर रखा हुआ था। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी करके कोयले की इस बड़ी खेप को अपने नियंत्रण में लिया।
ये भी पढ़ें: झारखंड: स्टेट बार काउंसिल को मिला नया अध्यक्ष, अभय कुमार चतुर्वेदी चुने गए; रिंकू भकत बने उपाध्यक्ष
ड्रोन कैमरे और डॉग स्क्वायड से निगरानी
सघन तलाशी अभियान के दौरान सीआईएसएफ की टीम ने आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया। दल ने इलाके पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे और डॉग स्क्वायड की सहायता ली। तकनीक और विशेष बल के सटीक प्रयोग से सुरक्षा बल ने जंगल में गुप्त रूप से रखे अवैध कोयले को ढूंढ निकाला। कार्रवाई के बाद सीआईएसएफ की टीम ने जब्त कोयले को आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के उद्देश्य से खास महल परियोजना पदाधिकारी को सौंप दिया।
अवैध कोयला तस्करों में मचा हड़कंप
कार्रवाई से पेंक नारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अवैध कोयला कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है। अब तक तस्कर यह मानकर चल रहे थे कि सुरक्षा बल केवल सीसीएल की खदानों तक ही सीमित हैं, लेकिन सुदूर जंगलों में सीआईएसएफ की उपस्थिति ने उनके गिरोह को सहमा दिया है। सीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक संपत्ति की चोरी और अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रबंधन ने भविष्य में भी जंगलों के भीतर ऐसे ही कड़े अभियान लगातार जारी रखने का निर्णय लिया है।