फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: एएनएम प्रवेश के लिए विशेष काउंसलिंग शुरू, 20 अक्तूबर तक आवेदन; 22 को मिलेगी सीट

Mon, 19 Oct 2026 09:51 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एएनएम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विशेष ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड के अनुसार, एएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 में सफल अभ्यर्थी 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराकर पसंद के नर्सिंग संस्थानों का विकल्प चुन सकते हैं।
विज्ञापन
झारखंड में ANM प्रवेश के लिए विशेष काउंसलिंग शुरू - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड में एएनएम (ऑक्जिलियरी नर्स मिडवाइफ) पाठ्यक्रम में प्रवेश का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। राज्य के सरकारी और गैर-सरकारी नर्सिंग संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत रिक्त सीटों और नए गठित नर्सिंग संस्थानों में नामांकन के लिए विशेष चक्र की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। एएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 में सफल अभ्यर्थी 20 अक्तूबर तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराकर अपनी पसंद के संस्थानों का विकल्प भर सकते हैं। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी प्राथमिकता के अनुसार अधिक से अधिक संस्थानों का चयन करें। विकल्प भरने की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

22 अक्तूबर को जारी होगा प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र

झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड के जारी कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्तूबर को अभ्यर्थियों के लिए प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा। इसके बाद 23 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक संबंधित नर्सिंग संस्थानों में दस्तावेज सत्यापन और अंतिम नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। यदि कोई अभ्यर्थी तय तिथियों में अपने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसका दावा स्वतः समाप्त माना जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें।

पहले नामांकन ले चुके अभ्यर्थी भी ले सकेंगे हिस्सा

विशेष काउंसलिंग चक्र में उन अभ्यर्थियों को भी शामिल होने का अवसर दिया गया है, जिन्होंने प्रथम, द्वितीय या तृतीय चरण की काउंसलिंग के माध्यम से पहले ही किसी नर्सिंग संस्थान में प्रवेश ले लिया है। यदि वे अपने मौजूदा संस्थान या पाठ्यक्रम में बदलाव करना चाहते हैं, तो इस विशेष प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

विज्ञापन

हालांकि, बोर्ड ने इस संबंध में नियम भी स्पष्ट कर दिए हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को विशेष काउंसलिंग के दौरान नया संस्थान आवंटित होता है, तो उसे नए संस्थान में नामांकन लेना अनिवार्य होगा। ऐसी स्थिति में उसका पुराना नामांकन स्वतः रद्द हो जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थी पुरानी सीट पर अपना दावा नहीं कर सकेगा। इसलिए विकल्प भरते समय अभ्यर्थियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये शुल्क

बोर्ड ने विशेष काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए श्रेणीवार आवेदन शुल्क भी निर्धारित किया है। सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), अत्यंत पिछड़ा वर्ग (बीसी-1) और पिछड़ा वर्ग (बीसी-2) के अभ्यर्थियों को 400 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं, सभी श्रेणियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि एक बार जमा किया गया काउंसलिंग शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को पंजीकरण करने, संस्थानों के विकल्प भरने और शुल्क जमा करने से पहले सभी निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें