जामताड़ा सदर अस्पताल के पुराने ओपीडी भवन को करीब दो करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में बदला जाएगा। इससे जनरल सर्जरी की सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को अस्पताल में ही बेहतर शल्य चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
सदर अस्पताल के पुराने ओपीडी भवन को लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना से अस्पताल में जनरल सर्जरी की सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
जामताड़ा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का विधानसभा क्षेत्र है। उनकी विशेष पहल पर अस्पताल में इस नई व्यवस्था को आकार दिया जा रहा है। मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनने के बाद चिकित्सकों को भी जटिल ऑपरेशन करने में काफी सहूलियत और मदद मिलेगी।
विशेषज्ञ की देखरेख में तैयार होगा डिजाइन
ओटी निर्माण के लिए भवन निर्माण विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस मॉड्यूलर ओटी को आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसमें ऑपरेशन के दौरान होने वाले संक्रमण पर नियंत्रण रखने की विशेष व्यवस्था होगी।
साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरणों को आधुनिक तकनीक के साथ स्थापित किया जाएगा। भवन की संरचना और कमरों के लेआउट को तैयार करने के लिए एक विशेषज्ञ की नियुक्ति की गई है। विशेषज्ञ की देखरेख में ही ओटी की आंतरिक व्यवस्था और स्वरूप को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सर्जिकल सेवाओं को मिलेगी मजबूती
अस्पताल प्रबंधक विनीत कुमार ने बताया कि मॉड्यूलर ओटी बनने से सदर अस्पताल की सर्जिकल सेवाओं को काफी मजबूती मिलेगी। जनरल सर्जरी के मरीजों को अस्पताल परिसर में ही बेहतर और सुरक्षित ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम होगी। निर्माण पूरा होने के बाद ओटी को सभी आवश्यक उपकरणों और संसाधनों से पूरी तरह लैस किया जाएगा।