फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: मरीज तड़पता रहा, ऑक्सीजन के लिए गिड़गिड़ाते रहे परिजन; कुछ देर बाद चली गई जान, अस्पताल में हुआ हंगामा

Tue, 24 Nov 2026 07:59 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जमशेदपुर

सार

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में 53 वर्षीय मिश्री मांझी की मौत के बाद परिजनों ने ऑक्सीजन देने में देरी का आरोप लगाया है। बेटी रूपाली मांझी का दावा है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिली। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के जमशेदपुर स्थित डिमना के एमजीएम अस्पताल में कथित लापरवाही के चलते 53 वर्षीय मरीज की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समय पर ऑक्सीजन नहीं दी गई। मरीज काफी देर तक तड़पता रहा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मृतक की पहचान कोवाली थाना क्षेत्र निवासी मिश्री मांझी के रूप में हुई है। उनकी बेटी रूपाली मांझी ने अस्पताल के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

तबीयत बिगड़ने पर सदर अस्पताल से एमजीएम किया गया था रेफर

रूपाली मांझी के अनुसार, उनके पिता लंबे समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे।

सोमवार को अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी मरीज के रक्त का नमूना ले रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। मरीज की हालत देखते हुए तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत महसूस हुई। आरोप है कि परिजनों ने वार्ड में तैनात नर्स से कई बार ऑक्सीजन लगाने की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें समय पर मदद नहीं मिली।

नर्स ने कहा- नीचे रखा है सिलिंडर, ऊपर लाने में लगेगा समय

परिजनों का आरोप है कि नर्स ने यह कहकर ऑक्सीजन लगाने से इनकार कर दिया कि सिलिंडर नीचे रखा हुआ है और उसे ऊपर लाने में समय लगेगा। इस दौरान मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही। आरोप है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण कुछ ही देर में मिश्री मांझी ने दम तोड़ दिया।

बेटी का कहना है कि पिता की मौत के बाद नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन तो मरीज के बिस्तर के पास ही मौजूद था। इस बात से परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया। रूपाली ने कहा कि गरीब परिवार बेहतर इलाज की उम्मीद में सरकारी अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन वहां जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर नहीं मिलना बेहद दुखद है।

आधे घंटे तक अस्पताल में हंगामा, जांच और कार्रवाई की मांग

मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शांत कराया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें