उद्योगपति कैरव गांधी की फाइल फोटो
झारखंड पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जमशेदपुर से रहस्यमय तरीके से लापता उद्योगपति पुत्र कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने उन्हें हजारीबाग जिले के बरही इलाके से बरामद किया और मंगलवार अहले सुबह करीब 4:30 बजे सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।
बता दें कि 24 वर्षीय कैरव गांधी, प्रसिद्ध उद्योगपति देवांग गांधी के पुत्र हैं, जो बीते 14 दिनों से लापता थे। कैरव गांधी के लापता होने के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही थी, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
ये भी पढ़ें-
उद्योगपति देवांग गांधी के बेटे का अपहरण, 5 करोड़ की फिरौती मांग से हड़कंप; इन पर बढ़ रही आशंका
जल्द करेंगे खुलासा
एसएसपी पीयूष पांडेय ने कैरव गांधी की बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है। फिलहाल इस पूरे मामले से जुड़े विस्तृत तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कह रही है।
डीजीपी ने ली जानकारी
इधर, झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा अपने पहले जमशेदपुर दौरे पर शहर की विधि-व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कैरव गांधी के अपहरण स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जांच की प्रगति की जानकारी ली। डीजीपी ने मामले को गंभीर बताते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है पुलिस
कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं झारखंड पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की भी सराहना हो रही है। वहीं इस अपहरण कांड का खुलासा जमशेदपुर पुलिस आज प्रेस के सामने कर सकती है।