झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और श्रमिक अधिकारों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) के आह्वान पर शुक्रवार, 16 अक्तूबर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार और संबंधित विभाग ने कर्मचारियों की मांगों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो 21 अक्तूबर 2026 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ के प्रदेश महामंत्री सह रांची जिला अध्यक्ष सूरज साहू ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बैठक का समय मांगा गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई बैठक नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले लिए गए फैसलों को लागू कराने और कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान कराने के लिए संघ लगातार प्रयास कर रहा है। संघ का कहना है कि वह हमेशा बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने के पक्ष में रहा है।
सूरज साहू के मुताबिक, 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 15 से 20 दिनों का समय दिया गया था। हालांकि, तय समय बीत जाने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है और अब आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। संघ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के बजाय एम्बुलेंस सेवा के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया जा रहा है। संघ ने इसे कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी बताया है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान करने और श्रमिक अधिकार सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली और लंबित वेतन भुगतान की मांग
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से शुरू करना शामिल है। इसके अलावा बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, लंबित वेतन का भुगतान और सभी कर्मचारियों को श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकारों सहित अन्य वैधानिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।
संघ ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को 16 अक्तूबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन की सूचना दे दी है। साथ ही सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय लेकर उन्हें लागू नहीं किया जाता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने यह भी कहा है कि 21 अक्तूबर से प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के फैसले पर वह कायम है। ऐसे में अब सबकी नजर सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर है।