अरगोड़ा चौक स्थित वाइन शॉप में आयकर विभाग की टीम का सर्वे
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक स्थित साहू वाइन शॉप में आयकर विभाग की टीम ने रविवार को सर्वे की कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग के अधिकारी सुबह करीब 11 बजे वीरेन साहू की वाइन शॉप पहुंचे और वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। टीम दुकान में रखे लेखा-जोखा, बिल और अन्य वित्तीय कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है।
दुकान के अंदर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग ने दुकान के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि व्यापारियों द्वारा अपनी वास्तविक आमदनी छिपाकर आयकर की चोरी किए जाने की सूचना के आधार पर यह सर्वे की कार्रवाई की जा रही है।
अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग को लंबे समय से कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आयकर से संबंधित अनियमितताओं की शिकायत मिल रही थी। इसी आधार पर विभाग ने जांच की प्रक्रिया शुरू की है और संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों की टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
पढ़ें- Jharkhand: चाईबासा में स्वास्थ्य व्यवस्था कागजों तक सीमित, नवजात का शव डब्बे में भरकर लाने को विवश हुए परिजन
कोडरमा में मिठाई दुकान पर भी सर्वे की सूचना
इधर, कोडरमा में भी आयकर विभाग की टीम द्वारा एक मिठाई दुकान में सर्वे की कार्रवाई की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि कोडरमा स्थित कन्हैया मिठाई दुकान में भी विभाग के अधिकारी पहुंचकर वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
कागजातों का मिलान कर रही टीम, कार्रवाई जारी
दोनों स्थानों पर आयकर विभाग की टीम वित्तीय दस्तावेजों का मिलान कर रही है और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी सामने आने की संभावना है।