फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: मौत बनकर आया ट्रक! कार को मारी ऐसी टक्कर, मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत चार की मौत

Thu, 24 Sep 2026 10:33 AM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जमशेदपुर

सार

जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की छोटी बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग स्विफ्ट डिजायर कार में सवार थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन
ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की छोटी बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री दीपिका पांडेय महगामा से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गहरा दुख जताया है। दोनों ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की।

पीछे से आ रहे ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब तीन बजे सोनारी मरीन ड्राइव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की छोटी बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

विज्ञापन


पुलिस ने कार और ट्रक को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीछे से ट्रक की जोरदार टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

महगामा से जमशेदपुर रवाना हुईं मंत्री

हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय महगामा से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई हैं। उनके जमशेदपुर पहुंचने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की संभावना है। पुलिस भी दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार की साथी मंत्री और बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। हेमंत सोरेन ने कहा कि इस अत्यंत कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं दीपिका पांडेय सिंह और सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगतों की आत्मा को शांति देने और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विज्ञापन


राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी जताया शोक

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस सड़क हादसे की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। राज्यपाल ने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। इस दुख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस अपार पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।

जमशेदपुर के ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने दिया बयान

जमशेदपुर के ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी चार मृतकों की पहचान कर ली गई है और शवों को एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे की आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें