फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: सेवाती घाटी की बदलेगी तस्वीर! मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पर्यटन स्थल बनाने के दिए निर्देश

Wed, 21 Oct 2026 10:52 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बोकारो

सार

झारखंड के बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में स्थित प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा को घाटी के विकास के लिए जरूरी पहल करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में स्थित प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटी को पर्यटन केंद्र बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री ने बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा को सेवाती घाटी के विकास के लिए आवश्यक पहल करने का आदेश दिया है। झारखंड और बंगाल की सीमा पर स्थित इस घाटी को पर्यटन स्थल बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब इस मांग के पूरा होने की उम्मीद जगी है।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सेवाती घाटी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। उनके निर्देश के बाद प्रशासन ने घाटी में आधारभूत सुविधाओं, विकास की संभावनाओं और जरूरी निर्माण कार्यों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है।

सेवाती घाटी के विकास के लिए बनेगी योजना

सेवाती घाटी के विकास को आगे बढ़ाने के लिए बोकारो जिला प्रशासन संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करने की तैयारी कर रहा है। इस बैठक में उप विकास आयुक्त, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अभियंता शामिल होंगे।
बैठक में घाटी के विकास की संभावनाओं, बुनियादी नागरिक सुविधाओं और जरूरी निर्माण कार्यों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद विकास से जुड़ा एकीकृत प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा। हालांकि, अभी तक सेवाती घाटी के विकास के लिए किसी आधिकारिक योजना या काम पूरा करने की निश्चित समयसीमा की घोषणा नहीं की गई है।

पर्यटन स्थल बनने से स्थानीय लोगों को मिलेंगे रोजगार के अवसर

झारखंड और बंगाल की सीमा पर स्थित सेवाती घाटी अपनी प्राकृतिक बनावट और खूबसूरत वातावरण के लिए जानी जाती है। योजनाबद्ध तरीके से विकास होने पर यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थल बन सकता है। इससे कसमार प्रखंड को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोग लंबे समय से सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं। घाटी के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने से कसमार और आसपास के इलाकों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के घाटी पहुंचने और विकास के निर्देश देने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है। अब सभी की नजरें जिला प्रशासन की ओर से उठाए जाने वाले अगले कदमों पर टिकी हैं।

कसमार के अनौपचारिक दौरे पर पहुंचे थे मुख्यमंत्री

सेवाती घाटी पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को अचानक अपने पैतृक गांव नेमरा से कसमार पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का निरीक्षण किया और सड़क की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।

चाय-पकौड़ी की दुकान पर करीब 10 मिनट रुके हेमंत सोरेन

कसमार पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री तीनकोनिया चौक स्थित कुणाल जायसवाल की चाय-पकौड़ी की दुकान पर भी रुके। उन्होंने वहां करीब 10 मिनट बिताए। इस दौरान मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने गरम पकौड़ी खाई। उन्होंने दुकान पर मौजूद आम ग्रामीणों को भी पकौड़ी खिलाई।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका यह आधिकारिक दौरा नहीं था, बल्कि वे व्यक्तिगत रूप से घूमने के मकसद से यहां आए थे। उनके इस अनौपचारिक दौरे और सेवाती घाटी के विकास के निर्देशों के बाद क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें