झारखंड के गोड्डा जिले में संत एल्फोंसा मिशन स्कूल के प्रिंसिपल फादर थॉमस सोरेन पर एक महिला ने जबरन संबंध बनाने और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच कराई है। आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड स्थित तिलाबाद पंचायत के संत एल्फोंसा मिशन स्कूल के प्रिंसिपल फादर थॉमस सोरेन पर एक महिला ने दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत मिलने पर सुंदरपहाड़ी थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गर्भवती होने पर खुला मामला
तिलाबाद के मुखिया राजेंद्र सोरेन के अनुसार, पीड़ित महिला और उसका पति निजी मिशनरी स्कूल में काम करते थे। स्कूल में महिला को नौ हजार रुपये और उसके पति को सात हजार रुपये का मासिक वेतन दिया जाता था। पीड़िता का पति स्कूल में खाना बनाता था, जबकि महिला प्रिंसिपल के लिए खाना बनाती थी। महिला का आरोप है कि काम करने के दौरान आरोपी फादर ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला गर्भवती हो गई और इसकी जानकारी उसके पति को हुई, तब आरोपी ने दबाव बनाकर महिला को घर भेज दिया और 60 हजार रुपये खर्च करके उसका जबरन गर्भपात करवाया।
महिला आयोग की पहल पर प्राथमिकी दर्ज
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब आरोपी फादर ने गर्भपात में खर्च हुए 60 हजार रुपये की वसूली पीड़िता के पति से करने की बात कही। सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी ने थाने पहुंचकर पीड़ित पति-पत्नी के माध्यम से लिखित आवेदन दिलवाया। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और त्वरित कार्रवाई की मांग की। सुंदरपहाड़ी के थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर आरोपी फादर थॉमस सोरेन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।