फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: पुल नहीं था, प्रसूता को चारपाई पर लिटाकर एक किमी तक पैदल ले गए परिजन, अस्पताल में जन्मा बच्चा

Tue, 06 Oct 2026 02:52 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

चतरा के कुंदा प्रखंड में दोमुहाना नदी पर पुल नहीं होने से प्रसूता रीता देवी को परिजन चारपाई पर लिटाकर करीब एक किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक ले गए। एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा सुरक्षित हैं।

 

विज्ञापन
चतरा जिला अस्पताल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चतरा जिले के कुंदा प्रखंड अंतर्गत सिकीदाग पंचायत के बुटकुइया गांव के घुट्टीटोंगरी टोले में दोमुहाना नदी पर पुल नहीं होने के कारण प्रसूता को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल ले जाना पड़ा। सोमवार को रीता देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन नदी पर पुल और गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस मुख्य सड़क पर ही खड़ी रही।

इसके बाद रीता देवी के पति नाथो गंझु, देवर पिंटू गंझु, गुड्डू गंझु और भतीजे चनेश गंझु ने चारपाई की व्यवस्था की। चारों लोग प्रसूता को चारपाई पर लिटाकर करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में रीता देवी ने बच्चे को जन्म दिया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

बरसात में बढ़ जाती है परेशानी

विज्ञापन

दोमुहाना नदी पर पुल नहीं होने से बुटकुइया, घुट्टीटोंगरी, गारो और कारी मांडर समेत कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते हैं। ग्रामीण लंबे समय से दोमुहाना नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं।

सड़क निर्माण जारी, पुल की स्वीकृति का प्रयास
समस्या के समाधान के लिए लुकुईया पक्की सड़क से बुटकुइया और कारी मांडर होते हुए घुट्टीटोंगरी तक पक्की सड़क का निर्माण चल रहा है। जिला प्रशासन ने दोमुहाना नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति के लिए करीब छह माह पहले स्थल की भूमि जांच प्रक्रिया पूरी कर ली थी।

विधायक जनार्दन पासवान ने बताया कि चुनावी वादों के तहत सड़क निर्माण शुरू हो चुका है और जल्द ही पुल का निर्माण भी कराया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी साकेत कुमार सिन्हा ने बताया कि नदी चौड़ी होने के कारण बड़े पुल की आवश्यकता है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट से स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें