सरायकेला-खरसावां जिले के बंसा स्थित खूंचीडीह में बंद पड़ी कोहिनूर स्टील कंपनी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की। सुबह करीब पांच बजे कंपनी परिसर पहुंची ईडी की टीम ने लगभग आठ घंटे तक सघन जांच-पड़ताल की। इसके बाद टीम वहां से रवाना हो गई। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कोहिनूर स्टील प्लांट में पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने ऋण की राशि लेने के बावजूद प्रस्तावित पावर प्लांट का निर्माण नहीं कराया। इसी मामले को लेकर शिकायत किए जाने के बाद ईडी ने जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हुई छापेमारी इसी शिकायत और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में की गई। ईडी की टीम ने कंपनी परिसर में करीब आठ घंटे तक दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की। हालांकि, इस दौरान किन दस्तावेजों को जब्त किया गया और जांच में क्या तथ्य सामने आए, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें- झारखंड: कार्बन बाजार से बदलेगी किसानों की तकदीर, जलवायु संरक्षण के साथ बढ़ेगी ग्रामीण आय
फिलहाल ईडी की ओर से भी छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। करीब 900 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण से जुड़े इस मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद अब आगे की जांच और संभावित खुलासों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।