फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: ईस्टर्न कोलफील्ड्स ने लागू की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना, जानें कैसे कर सकेंगे आवेदन

Tue, 17 Nov 2026 11:48 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने अपने स्थायी गैर-अधिकारी कर्मचारियों के लिए वीआरएस-2026 लागू कर दी है। पात्र कर्मचारी 1 से 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम उम्र 45 वर्ष निर्धारित की गई है। एकमुश्त राशि की गणना पूरी हो चुकी सेवा और 60 वर्ष की उम्र तक बची सेवा के आधार पर होगी।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोल इंडिया की अनुषांगिक कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने अपने स्थायी गैर-अधिकारी कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना (VRS)-2026 लागू कर दी है। कंपनी ने इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। योजना के तहत पात्र कर्मचारी 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए कर्मचारी की उम्र आवेदन जमा करने की तारीख तक कम से कम 45 वर्ष होनी चाहिए। योजना में कर्मचारियों को एकमुश्त वित्तीय राशि के साथ पीएफ, ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ भी दिए जाएंगे।

1 से 31 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

महाप्रबंधक (कार्मिक) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, वीआरएस-2026 का लाभ केवल ईसीएल के स्थायी गैर-अधिकारी कर्मचारी ही उठा सकेंगे। इच्छुक कर्मचारियों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। ऑनलाइन पोर्टल के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन जमा कर देने से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की मंजूरी नहीं मिल जाएगी। सभी आवेदनों की जांच के बाद अंतिम फैसला लेने का अधिकार निदेशक (मानव संसाधन) के पास रहेगा। आवेदनों पर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर विचार किया जाएगा।

दो आधार पर तय होगी एकमुश्त मिलने वाली राशि

ईसीएल की वीआरएस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को मिलने वाली एकमुश्त राशि की गणना दो अलग-अलग आधार पर की जाएगी। पहले आधार के तहत कर्मचारी की पूरी हो चुकी सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 35 दिनों के मूल वेतन और महंगाई भत्ते (डीए) के बराबर राशि की गणना होगी।

विज्ञापन

दूसरे आधार के तहत कर्मचारी की सामान्य सेवानिवृत्ति की उम्र यानी 60 वर्ष पूरी होने तक बची हुई सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 25 दिनों के वेतन के बराबर राशि तय की जाएगी।
कंपनी प्रबंधन इन दोनों गणनाओं के आधार पर मिलने वाली रकम की तुलना करेगा। इसके बाद दोनों में से जो राशि कम होगी, उसी का एकमुश्त भुगतान संबंधित कर्मचारी को किया जाएगा।

पीएफ, ग्रेच्युटी और पेंशन समेत मिलेंगे अन्य लाभ

एकमुश्त राशि के अलावा वीआरएस लेने वाले पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार अन्य सभी सेवानिवृत्ति लाभ भी दिए जाएंगे। इनमें भविष्य निधि (पीएफ), ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश का नकदीकरण और पेंशन शामिल हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली चिकित्सा सुविधा और अन्य सभी नियमानुसार देय लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।

विभागीय और सतर्कता जांच का सामना कर रहे कर्मचारी नहीं होंगे पात्र

अधिसूचना में कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों को इस योजना से बाहर रखा गया है। जिन कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच या सतर्कता जांच चल रही है, वे वीआरएस-2026 के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।

विज्ञापन

इसके अलावा तकनीकी, सुरक्षा और संस्थान के जरूरी कामकाज से जुड़े कुछ पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को भी योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। इनमें खान पर्यवेक्षकीय कर्मी, सर्वेक्षक, लेखाकार, औषधालय कर्मी, विद्युत पर्यवेक्षक, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा निरीक्षक शामिल हैं।

बंधित सेवा वाले कर्मचारियों को भी नहीं मिलेगा लाभ

योजना के तहत बंधित सेवा वाले कर्मचारियों और संस्थान के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात कर्मियों को भी वीआरएस का लाभ नहीं दिया जाएगा। ऐसे में कंपनी ने कर्मचारियों को आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता और अधिसूचना में दी गई सभी शर्तों की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें