पूर्व रेलवे में मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के कारण दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में यात्रियों की आवाजाही पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने 19 से 25 दिसंबर के बीच अलग-अलग तिथियों में 12 प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इसके अलावा, तीन महत्वपूर्ण ट्रेनें धनबाद स्टेशन आने के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। वहीं, दरभंगा और रक्सौल से चर्लपल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची के समाधान के लिए रेलवे दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इस परिचालन बदलाव से दिसंबर में यात्रा करने वाले हजारों लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।
निरस्त रहने वाली ट्रेनों का विवरण
पूर्व रेलवे में ब्लॉक के कारण 19 से 24 दिसंबर के बीच कई मुख्य ट्रेनें रद्द रहेंगी। निरस्त ट्रेनों की सूची में कोलकाता से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस 19 और 23 दिसंबर को नहीं चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस 21 और 25 दिसंबर को रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 11447 जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस 21 दिसंबर को और गाड़ी संख्या 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस 23 दिसंबर को निरस्त रहेगी।
इसके साथ ही गाड़ी संख्या 22388 धनबाद-हावड़ा ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस 22 दिसंबर को और गाड़ी संख्या 22387 हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस 23 दिसंबर को रद्द रहेगी। मदार-कोलकाता मार्ग पर गाड़ी संख्या 19608 मदार-कोलकाता एक्सप्रेस 21 दिसंबर को और गाड़ी संख्या 19607 कोलकाता-मदार एक्सप्रेस 24 दिसंबर को पटरी पर नहीं उतरेगी। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 22 दिसंबर को, गाड़ी संख्या 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस 23 दिसंबर को, गाड़ी संख्या 12319 कोलकाता-ग्वालियर एक्सप्रेस 23 दिसंबर को तथा गाड़ी संख्या 12320 ग्वालियर-कोलकाता एक्सप्रेस 24 दिसंबर को रद्द रहेगी।
परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली ट्रेनें
मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के चलते रेलवे ने पूर्वा एक्सप्रेस और दुरंतो एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया है। गाड़ी संख्या 12382 शकूरबस्ती-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस 22 दिसंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), गया, किऊल, भागलपुर, गुमानी, रामपुरहाट और सांईथिया होकर चलेगी। वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 12381 हावड़ा-शकूरबस्ती पूर्वा एक्सप्रेस 23 दिसंबर को सांईथिया, रामपुरहाट, गुमानी, भागलपुर, किऊल, गया और डीडीयू होकर संचालित होगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 12260 बीकानेर-सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस 22 दिसंबर को डीडीयू, गया, किऊल, भागलपुर, गुमानी, रामपुरहाट और सांईथिया के रास्ते चलेगी। यह तीनों ट्रेनें अपनी निर्धारित तिथियों पर धनबाद स्टेशन पर नहीं आएंगी। मार्ग परिवर्तन होने के कारण धनबाद के यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से अपनी यात्रा की योजना बनानी पड़ेगी।
रक्सौल और चर्लपल्ली के बीच स्पेशल ट्रेनें
दरभंगा और रक्सौल से चर्लपल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दो अनारक्षित वन-वे स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेनें रक्सौल से चर्लपल्ली के बीच 28 और 29 नवंबर को संचालित होंगी। इसमें 28 नवंबर को गाड़ी संख्या 05523 रक्सौल-चर्लपल्ली वन-वे स्पेशल और 29 नवंबर को गाड़ी संख्या 05525 रक्सौल-चर्लपल्ली वन-वे स्पेशल रवाना होगी। दोनों ट्रेनें पूरी तरह जनरल कोच के साथ चलाई जाएंगी।
यह स्पेशल ट्रेनें रक्सौल से शाम 4:55 बजे प्रस्थान करेंगी। अगले दिन सुबह 6:40 बजे धनबाद, 7:08 बजे कतरास, 7:45 बजे चंद्रपुरा तथा 8:45 बजे बोकारो होकर दोपहर 12:00 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी। रास्ते में इन ट्रेनों का ठहराव सीतामढ़ी, कमतौल, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, मूरी, रांची, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनंदगांव, गोंदिया, वडसा और काजीपेट स्टेशनों पर रहेगा।