फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: मृत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के नाम पर निकाले करोड़ों, सात जिलों में सीआईडी की कार्रवाई

Tue, 13 Oct 2026 03:56 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड में सात जिलों के कोषागारों से फर्जी वेतन निकासी मामले में सीआईडी ने 18 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए हैं। आरोपियों पर सरकारी पोर्टल में हेरफेर कर मृत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के नाम पर करोड़ों रुपये निकालने का आरोप है।

 

विज्ञापन
आर्थिक अपराध। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड में सात जिलों के कोषागारों से फर्जी वेतन निकासी के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने 18 आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग आरोपपत्र दाखिल किए हैं। जांच में सामने आया कि सभी जिलों में सरकारी पोर्टल से छेड़छाड़ कर सेवानिवृत्त और मृत कर्मचारियों के नाम पर करोड़ों रुपये की अवैध निकासी की गई। सीआईडी के अनुसार, आरोपियों ने एक ही तरीके से योजनाबद्ध ढंग से इस वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

विज्ञापन


ऐसे किया गया फर्जीवाड़ा
जांच के अनुसार, आरोपियों ने संबंधित जिलों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) के मोबाइल फोन तक पहुंच बनाकर उन पर आने वाले ओटीपी का इस्तेमाल किया। इसके बाद सरकारी पोर्टल में हेरफेर कर सेवानिवृत्त और मृत कर्मचारियों की जन्मतिथि बदल दी गई। उन्हें रिकॉर्ड में कार्यरत दिखाकर उनके नाम पर सरकारी बजट से वेतन की निकासी की गई। सीआईडी ने जांच पूरी करने के बाद सातों जिलों के मामलों में संबंधित न्यायालयों में आरोपपत्र दाखिल कर दिए हैं।

पुलिस विभाग के कर्मचारियों पर भी आरोप
बोकारो जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जुड़े सिपाही और मुख्य आरोपी कौशल पांडेय, एएसआई अशोक भंडारी, गृह रक्षक सतीश कुमार और काजल मंडल के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। बोकारो कोषागार से करीब 11 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है।

हजारीबाग जिले में सिपाही और मुख्य आरोपी शंभू कुमार सिंह, उसकी पत्नी काजल कुमारी, सहयोगी सिपाही रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, रजनीश की पत्नी खुशबू कुमारी, धीरेंद्र कुमार सिंह और रिश्तेदार सौरभ कुमार के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं। हजारीबाग में सबसे अधिक करीब 31 करोड़ रुपये की अवैध निकासी हुई।

चाईबासा में सिपाही देवनारायण मुर्मू, सरकार हेम्ब्रम, अरुण मार्डी और गोराचंद मार्डी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं। यहां करीब तीन करोड़ रुपये की अवैध निकासी हुई। वहीं, खूंटी में गिरफ्तार सिपाही शुभम कुमार और फरार आरोपी अजित कुमार के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। खूंटी कोषागार से 22.46 लाख रुपये की निकासी हुई थी।

विज्ञापन


पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग में भी गड़बड़ी
रांची और रामगढ़ में इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमल हेल्थ एंड प्रॉडक्शन के दो कर्मचारियों मुनिंद्र कुमार और संजीव कुमार के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं। रांची कोषागार से 2.93 करोड़ रुपये और रामगढ़ कोषागार से करीब 34.25 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई।

देवघर में स्वास्थ्य विभाग की पूर्व लेखा लिपिक सविता कुमारी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। देवघर कोषागार से करीब 99 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया था। सीआईडी की कार्रवाई के बाद अब इन मामलों में संबंधित न्यायालयों में आगे की कानूनी प्रक्रिया चलेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें