लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और झारखंड प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुनजनी
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के “संगठन सृजन” अभियान के तहत झारखंड और ओडिशा के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 22 मार्च से 31 मार्च तक पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित होगा। इस पहल का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना और नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है।
संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर
इस संबंध में जानकारी देते हुए सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के जरिए जिला अध्यक्षों की कार्यक्षमता को बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
प्रशिक्षण के प्रमुख विषय
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को जनसंपर्क, संगठन विस्तार, राजनीतिक रणनीति और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही पार्टी की विचारधारा और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए कार्यशैली को सशक्त बनाने पर भी जोर रहेगा।
पढ़ें- Jharkhand: रामनवमी से पहले हजारीबाग में हाई अलर्ट, डीजीपी तदाशा मिश्रा ने खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान
राहुल गांधी का संबोधन और कार्यकर्ताओं में उत्साह
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिविर के दौरान एक दिन के लिए शामिल होंगे और जिला अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके संभावित आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदेश नेतृत्व की अपील और कार्यक्रम का महत्व
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी चयनित जिला अध्यक्षों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को मजबूत बनाने और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।