सार
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर बदहाल रखरखाव पर नाराजगी जताई। उन्होंने खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और रेंज के समयबद्ध विकास के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
शूटिंग रेंज में टारगेट पर निधाना साधते सीएम हेमंत सोरेन
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचना, आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा मानकों, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की। रेंज के रखरखाव की बदहाल स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जल्द आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने 10, 25 और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
हेमन्त सोरेन ने शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसे शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
पढ़ें: प्रदेश में निवेश बढ़ाने की तैयारी, टेक्सटाइल और औद्योगिक नीति-2026 का ड्राफ्ट हुआ जारी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज के उपकरणों के रखरखाव और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके अलावा फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, मॉक ड्रिल और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।