बोकारो के चास नगर निगम क्षेत्र के बूथ संख्या 32 में मतदान के दौरान हाथापाई की घटना हुई। इस दौरान चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह घायल हो गए और उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना में शामिल कुछ लोगों को पुलिस ने डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।
बोकारो के चास नगर निगम क्षेत्र के बूथ संख्या 32 में मतदान के दौरान हाथापाई का मामला सामने आया। इस दौरान चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह घायल हो गए। उन्हें चास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनका इलाज चल रहा है। हाथापाई की सूचना मिलते ही बूथ संख्या 32 पर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह दलबल के साथ पहुंचे और मामले को गंभीरता से लिया। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि कुछ लोग अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करवाने के लिए माहौल खराब कर रहे थे। जब चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह ने इसे रोकने की कोशिश की तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वे घायल हो गए।
विज्ञापन
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई
बोकारो एसपी ने बताया कि कुछ लोगों को तुरंत डिटेन किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग भी जांच में ली जा रही है। एसपी ने साफ कहा कि जो लोग माहौल खराब कर रहे हैं और मारपीट कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला प्रत्याशी का आरोप
इस घटना के दौरान बूथ नंबर 32 की एक महिला प्रत्याशी ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और मारपीट की कोशिश की गई। उनका कहना था कि कुछ लोग अपने प्रत्याशी को जीताने के लिए गलत तरीके से वोट दिला रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और रोकने गई तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। चास नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दौरान हुई इस हिंसक घटना से मतदान का माहौल बिगड़ गया। पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई और जांच शुरू कर दी गई है।