सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी घरेलू सहायिका से दुष्कर्म के आरोप के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने कहा कि आदिवासी लड़की के साथ उत्पीड़न के इस मामले में आयोग आवश्यक हस्तक्षेप करेगा। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। आयोग ने मीडिया में आई खबरों के आधार पर मामले की निगरानी शुरू कर दी है और जल्द आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का झांसा देकर रांची लाने का आरोप
विधानसभा थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता को मई 2026 में पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का झांसा देकर रांची लाया गया था। इसके बाद उसे विधायक भूषण बाड़ा के सरकारी आवास पर घरेलू काम में लगा दिया गया। आरोप है कि 5 अगस्त को विधायक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक के खिलाफ पॉक्सो कानून और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।
पत्रकार पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठे दीपक प्रकाश
इधर, कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े पॉक्सो मामले में खबरें प्रकाशित करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। पत्रकार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश रविवार रात भारतमित्र मीडिया संस्थान के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई को प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताया।
खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
दरअसल, सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग लड़की के यौन शोषण के आरोप से जुड़ी खबरें प्रकाशित करने के मामले में पुलिस ने पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। रविवार रात जब सिमडेगा पुलिस भारतमित्र मीडिया संस्थान के कार्यालय पहुंची, तो दीपक प्रकाश ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार के खिलाफ इस तरह की पुलिस कार्रवाई प्रेस की स्वतंत्रता का हनन है। इसी के विरोध में वह कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस की कार्रवाई और भाजपा नेता के विरोध प्रदर्शन के बाद इस पूरे मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।