गिरफ्तार अपराधी और बरामद सामान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते एसपी
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड के गोड्डा जिले के कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई की शाम हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट का सोना, नकद रुपये, एक बाइक, देशी पिस्तौल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसआईटी के गठन के बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पुलिस के अनुसार, घटना के तुरंत बाद एसपी मुकेश कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान देवघर जिले के अजीत यादव और राजेश यादव के रूप में हुई है।
गलाकर छिपाया गया था लूटा हुआ सोना
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अपाची बाइक, एक देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और लूटे गए सोने को गलाकर तैयार किए गए 39 ग्राम और 8 ग्राम के दो सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा 41 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार, अजीत यादव के खिलाफ देवघर और जामताड़ा के विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
झारखंड, बिहार और बंगाल में चला सर्च ऑपरेशन
एसपी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि लूटकांड के खुलासे के लिए झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और लूट के सोने का एक हिस्सा भी बरामद कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:
बांकीपुर में नामांकन के बाद गिरफ्तार वीणा मानवी को जमानत; तेज प्रताप ने कहा था- चक्र चलेगा
अन्य आरोपियों की तलाश में जारी है अभियान
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।