मानसून सत्र को लेकर स्पीकर की अध्यक्षता में बैठक
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड विधानसभा का षष्ठम (मानसून) सत्र 6 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने हिस्सा लिया और सदन को शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक ढंग से चलाने पर सहमति जताई।
स्पीकर की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक
बुधवार को झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य 6 अगस्त से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मानसून) सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को सुनिश्चित करना था।
लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं पर जोर
बैठक में मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं, संसदीय मर्यादाओं और विधानसभा के नियमों के अनुरूप संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की गरिमा बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक तथा रचनात्मक चर्चा करने में सहयोग देने की अपील की।
शांतिपूर्ण और प्रभावी सत्र पर बनी सहमति
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित हो, ताकि राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके और विधायी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जा सकें।
सभी दलों ने सहयोग का दिया भरोसा
सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो और निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी दलों के प्रतिनिधियों ने मानसून सत्र के सफल और सुचारू संचालन के लिए पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।