राजधानी रांची में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। रांची जिले के सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन गणेश महतो को 8,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
नापी की रिपोर्ट के लिए मांगी थी घूस
जानकारी के अनुसार, अमीन ने जमीन की नापी की रिपोर्ट और नक्शा उपलब्ध कराने के बदले परिवादी से 8,000 रुपये की घूस की मांग की थी। इस संबंध में वासुदेव महतो ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने 16 दिसंबर 2025 को जमीन की नापी के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था। इसके बाद 10 फरवरी 2026 को जमीन की नापी की गई। आरोप है कि नापी के बाद अमीन रिपोर्ट और नक्शा देने के लिए रिश्वत मांग रहा था।
ये भी पढ़ें:
पंखा लगाने के नाम पर बच्चों को भेजा घर, मध्य विद्यालय मानगढ़ में लापरवाही
शिकायत में सच पाई गई शिकायत
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की सत्यापन जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 8,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्यालयों में काम के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।