झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात 562 पुलिसकर्मियों को वित्तीय लाभ देने की मंजूरी दी है। पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे इन पुलिसकर्मियों को एसीपी और एमएसीपी योजना के तहत वित्तीय उन्नयन का लाभ दिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की मानवाधिकार शाखा ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। आदेश के साथ पात्र पुलिसकर्मियों की विस्तृत सूची भी जारी की गई है।
दरअसल, पुलिस विभाग के भीतर कई ऐसे कर्मचारी हैं, जो लंबे समय से एक ही पद पर अपनी निरंतर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है। ऐसे कर्मचारियों को उनकी सेवाकाल की निर्धारित अवधि के आधार पर वेतन में आर्थिक लाभ देने के लिए एसीपी और एमएसीपी योजनाएं लागू की गई हैं। इसी व्यवस्था के तहत झारखंड पुलिस के 562 कर्मियों के मामलों पर विचार किया गया था और पात्रता व सेवाकाल के आधार पर उन्हें वित्तीय उन्नयन देने की स्वीकृति दी गई है।
चयन परिषद का फैसला और आर्थिक लाभ
वित्तीय उन्नयन देने के लिए चयन परिषद की बैठक में संबंधित कर्मियों के मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया था। इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड और पात्रता की जांच की। परिषद के निर्णय के आधार पर ही पात्र पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्तरों पर वित्तीय उन्नयन देने की स्वीकृति दी गई है। पहल का मुख्य उद्देश्य उन कर्मचारियों को आर्थिक लाभ पहुंचाना है, जिन्होंने लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी हैं, लेकिन नियमित प्रमोशन नहीं पा सके थे। चयन परिषद की सहमति मिलने के बाद अब इन कर्मियों के लिए वित्तीय लाभ का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है।
इकतीस पेज की विस्तृत सूची जारी
पुलिस मुख्यालय नेआदेश के साथ जो 31 पन्नों की सूची जारी की है, उसमें राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में कार्यरत कर्मियों की पूरी जानकारी दी गई है। इस सूची में शामिल पुलिसकर्मियों के नाम, उनके पद, जन्मतिथि, नियुक्ति की तिथि, वर्तमान पदस्थापन और पहले मिल चुके वित्तीय लाभ से संबंधित सभी जानकारियां दर्ज की गई हैं।
वित्तीय उन्नयन की श्रेणी और राशि का निर्धारण संबंधित पुलिसकर्मियों की नियुक्ति तिथि, कुल सेवाकाल और निर्धारित विभागीय पात्रता के आधार पर किया गया है। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता रहेगी और पात्र कर्मियों को हक मिल सकेगा।
सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन और आगे की कार्रवाई
आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सूची में शामिल पुलिसकर्मियों के सेवा रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज का सत्यापन पूरा करें। इस प्रक्रिया के तहत कर्मियों की सेवापुस्तिका, नियुक्ति तिथि, पदोन्नति और पूर्व में मिले वित्तीय लाभ से जुड़े सभी रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा।
यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो उसका निराकरण करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्रीय अधिकारियों और सभी विभागीय शाखाओं को भी प्रेषित कर दी है। सेवा रिकॉर्ड के सत्यापन की यह प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद सभी पात्र 562 पुलिसकर्मियों को नियमानुसार वेतन में वित्तीय उन्नयन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।