झारखंड पुलिस ने रांची में एक रेस्टोरेंट मालिक की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी और एक निलंबित पुलिसकर्मी भी शामिल है। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। आरोपियों में से एक प्रशांत कुमार सिंह को रविवार को गिरफ्तार किया गया। उसकी दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह और निलंबित पुलिसकर्मी हरेंद्र सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी गोली
पूछताछ में अभिषेक ने कबूल किया कि हरेंद्र सिंह ने ही उसे हथियार दिया था। हरेंद्र का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पलामू के पाटन समेत अर्जुन और गोंडा थानों में तीन मामले लंबित हैं। अभिषेक सिंह बिहार के औरंगाबाद जिले का निवासी है और उसका भी आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस ने कांके और पिठोरिया थानों में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथे आरोपी अमित ठाकुर की तलाश जारी है।
एसपी ने कहा कि हमने उनके पास से चार पिस्तौल, 31 कारतूस, एक राइफल, दो लाख रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि रांची में शनिवार रात एक रेस्टोरेंट मालिक विजय कुमार नाग (47) की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब कथित रूप से एक शाकाहारी ग्राहक को नॉन-वेज बिरयानी परोस दी गई थी।