राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर उरांव को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से सोमवार को जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उरांव को अध्यक्ष और पांच नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने को मंजूरी प्रदान की है।
राज्य अध्यक्ष के साथ पार्टी ने पांच कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक केशव महतो कमलेश, इरफान अंसारी, मानस सिन्हा, संजय पासवान और राजेश ठाकुर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में रामेश्वर उरांव सबसे आगे चल रहे थे। रामेश्वर उरांव लोहरदगा के सांसद भी रह चुके हैं। वे मनमोहन सिंह की पहली सरकार में आदिवासी मामलों के राज्य मंत्री थे। इसके अलावा वे अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भी रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला था।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार के इस्तीफे के बाद लगातार चर्चा हो रही थी कि अगला अध्यक्ष कौन होगा। रामेश्वर उरांव को प्रदेश का अध्यक्ष बनाए जाने से इसपर विराम लग गया है। इसी साल झारखंड में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।