हजारीबाग पुलिस ने शनिवार को बड़ी कामयाबी हासिल की। कुख्यात अपराधी उत्तम यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। यह वही अपराधी था जिसने कुछ महीने पहले हथियार लहराते हुए वीडियो जारी कर हजारीबाग और चतरा के व्यापारियों को रंगदारी देने की धमकी दी थी। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर पुलिस प्रशासन को भी खुली चुनौती दी थी।
बीते माह उसने हजारीबाग शहर में एक ज्वेलरी दुकान पर गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर दहशत फैला दी थी। इसके बाद से ही वह पुलिस के रडार पर था। शनिवार को सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा-जबड़ा मार्ग पर पुलिस और उत्तम यादव के बीच मुठभेड़ हुई। गोलीबारी में उत्तम यादव ढेर हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है, जिसे इलाज के लिए भेजा गया है।