झारखंड के रांची शहर में फैलिन तूफान के चलते वैसे ही लोगों का जीवन बड़ा अस्त-व्यस्त है। ऐसे में तूफान के साथ-साथ लुटेरे भी लोगों की मुसीबत बने हुए हैं।
तूफान के कारण यहां एक स्थानीय व्यापारी ने अपनी दुकान बंद रखी तो चोर मौका ताड़ कर यहां से करोड़ों का सोना लूट ले गए। जानकारी के मुताबिक 12 करोड़, 25 लाख 49 हजार 619 रुपए के जेवरात चोरी होने की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि दुकान बंद करने के बाद तीन दिनों तक दुकान में कोई नहीं आया। गेट के बाहर दो गार्ड तैनात थे। गुरुवार को स्टाफ ने गार्ड के सामने गेट खुलवाया और अंदर गए, तो देखा जेवरात गायब थे।
तूफान के बाद सैकड़ों घर ध्वस्त
ओडीशा में आए तूफान पायलिन ने झारखंड में भी तबाही मचाई है। राज्य के अलग- अलग इलाकों में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत की खबर है।
सैकडों कच्चे मकान ध्वस्त हो गए हैं। राजमार्ग पर एक पुल भी भरभरा कर ढह गया है। राज्य के विभिन्न जिलों से राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग को जान-माल की क्षति के बारे में लगातार रिपोर्ट मिल रही हैं।
हालांकि सोमवार की सुबह से बारिश थम गई है लेकिन मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के बाद ही मौसम साफ होने का अनुमान बताया है।