झारखंड के बोकारो के गोमिया प्रखंड के साड़म गांव में सोमवार को कोरोना वायरस के दो और नए मामले सामने आए हैं। दो व्यक्तियों में इस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद राज्य में कोरोना वायरस महामारी से संक्रमित होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
बता दें कि रविवार को रांची में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसके बाद यहां इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या दो तक पहुंच गई है। कोरोना वायरस से मरने वाले मरीजों की पुष्टि झारखंड के प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य नितिन मदन कुलकर्णी ने की है।
बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों के संपर्क में आने के कारण बोकारो के दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। इन लोगों में कोविड-19 संक्रमण के होने की पुष्टि भी हो गई है। इन मरीजों के बाद अब बोकारो में संक्रमितों की कुल संख्या आठ हो गयी है, जिनमें से 72 वर्षीय बुजुर्ग की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
सोमवार को कोरोना संक्रमित पाये गये दोनों व्यक्तियों को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती किया गया है। बोकारो में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों के पीछे तब्लीगी जमात एक बड़ा कारण सामने निकल कर आया है। दरअसल अब तक बोकारो में कोरोना संक्रमित पाये गये सभी आठ मरीज या तो खुद तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे या ऐसे लोगों के संपर्क में आये जो तब्लीगी जमात के मरकज से वापस लौट कर आए हैं।
बोकारो में सोमवार को संक्रमित पाए गए दोनों मरीजों को मिलाकर अब झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 19 हो गई है।