भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं। नवीन ने कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है और लोकतंत्र के साथ उसकी संस्थाओं का सम्मान करना जरूरी है।
नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम रांची पहुंचे। यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विरोध जताने के लोकतांत्रिक तरीके हैं। किसी भी परिस्थिति में अराजकता को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।
'अराजकता की कोशिश हुई तो सड़क से सदन तक देंगे जवाब'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए इसे चिंता का विषय बताया। नवीन ने कहा "मेरा दृढ़ विश्वास है कि इस देश में अराजकता की कोई जगह नहीं है। लोकतंत्र और हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का सम्मान होना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि विरोध करने के लोकतांत्रिक तरीके मौजूद हैं। अगर नेता प्रतिपक्ष अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं, तो भाजपा सड़क पर संघर्ष करेगी और संसद में भी जवाब देगी।
झारखंड भाजपा की बैठक में संगठन की रणनीति पर होगी चर्चा
नितिन नवीन शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करेंगे। इसमें झारखंड की राजनीतिक स्थिति, पार्टी की प्राथमिकताओं और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। वह सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों से भी बातचीत करेंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने और राज्य में पार्टी की आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह झारखंड का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह जून में राज्य आए थे। इस बार वह अपनी बुआ के आवास पर ठहरेंगे।
रांची पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
नितिन नवीन के रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और रांची के विधायक सीपी सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके बाद नवीन भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने 'जय जोहार' के नारे के साथ कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
'रांची मेरा जन्मस्थान, मेरा दूसरा घर'
झारखंड से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि रांची उनका जन्मस्थान है और उन्होंने यहीं शिक्षा भी प्राप्त की है। उन्होंने रांची को अपना दूसरा घर बताया। नवीन ने कहा कि वह संगठनात्मक कार्यों के लिए राज्य आए हैं, लेकिन शहर आने को लेकर हमेशा उत्सुक रहते हैं। उन्होंने झारखंड भाजपा के भविष्य को लेकर उम्मीद जताई और कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नई प्रदेश इकाई के गठन के बाद यह पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक होगी। उन्हें उम्मीद है कि इसके जरिए जनता के बीच भाजपा के काम और संघर्ष को लेकर स्पष्ट संदेश जाएगा।
पीएम मोदी के नेतृत्व का किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद प्रधानमंत्री का संकल्प देश को आगे ले जाना है। नवीन ने कहा कि झारखंड में भाजपा सेवा भाव के साथ काम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों पर सक्रिय रहने की अपेक्षा जताई।
अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड सरकार पर लगाए आरोप
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नितिन नवीन के मार्गदर्शन में झारखंड भाजपा और मजबूत होगी। उन्होंने राज्य की सरकार पर भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर आरोप लगाए। अन्नपूर्णा देवी ने दावा किया कि भाजपा हमेशा जनता के मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी अधिक प्रभावी ढंग से काम करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य झारखंड को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।
भाजपा नेताओं के मुताबिक, नितिन नवीन रविवार को भी संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी सुनेंगे।