झारखंड के आबकारी मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल की सुरक्षा में तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों के असलहे ही गायब हो गए। पुलिस के अनुसार, गायब हथियारों में एक सर्विस रिवॉल्वर और दो एके-47 राइफल शामिल है।
पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि 150 बुलेट के साथ दो एके47 और 35 बुलेट के साथ एक रिवॉल्वर गायब हुई है।
इस घटना का पता रविवार सुबह उस वक्त चला जब सुरक्षाकर्मी सोकर उठे। पटेल शनिवार रात को कोर्रा स्थित अपने घर आए थे और तीनों सुरक्षाकर्मी आराम गृह कम निरीक्षण बंगले में रुके हुए थे।
पुलिस का कहना है कि सोने से पहले सुरक्षाकर्मियों ने कमरे के दरवाजों को अंदर से बंद किया था। हालांकि सुबह उठने पर हथियार गायब मिले।
इन सुरक्षाकर्मियों में स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर नवनीत तिवारी की रिवॉल्वर, झारखंड आर्म्ड पुलिस के हवलदार किशन राय और इंद्र कुमार छेत्री के दो एके47 राइफल गायब हुई है। इन तीनों को पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।