केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शुक्रवार को देवघर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया। मंत्री ने देवघर सदर अस्पताल और बाल सुधार गृह का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला और बाल कल्याण के लिए जो योजनाएं पिछले एक दशक से लागू की गई हैं, उनका सकारात्मक असर अब जमीन पर दिख रहा है। उन्होंने बाल सुधार गृह में रह रहे बच्चों से बातचीत की और उनकी सुविधाओं, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति को जाना। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को बेहतर वातावरण मिले जिससे वे मुख्यधारा से फिर जुड़ सकें।
देवघर सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों से बातचीत की और अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सेवाओं में सुधार हुआ है और मरीजों को पहले से बेहतर इलाज मिल रहा है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता पर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
यह भी पढ़ें: दोबारा होगी एनटीपीसी परीक्षा, झारखंड के इन दो परीक्षा केंद्रों के लिए आरआरबी ने जारी किया नोटिस
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा, "हमारा लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कोई भी बच्चा या महिला योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए मंत्रालय लगातार काम कर रहा है।" उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इन योजनाओं का दायरा और बढ़ेगा।
देवघर पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इसके बाद देवघर उपायुक्त ने मंत्री को जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। बता दें कि अन्नपूर्णा देवी 21 जून को देवघर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। इसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और कार्यक्रम स्थल की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। अन्नपूर्णा देवी के दौरे से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि केंद्र सरकार महिला और बाल कल्याण योजनाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और उनकी धरातल पर सफलता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।