लिट्टीपाड़ा में आयोजित चुंबन प्रतियोगिता
झारखंड में चुंबन प्रतियोगिता को लेकर उठे विवाद पर सीएम के चुप्पी तोड़ने के बाद अब आयोजक झामुमो विधायक साइमन मरांडी भी सामने आए हैं। साइमन मरांडी ने कहा है कि बड़े लोग बड़े लोगों की पत्नी को भी खुलेआम चुंबन दे देते हैं। अगर वह जायज है तो आदिवासी अपनी पत्नी को चुंबन दे रहा है तो इतना आघात क्यों पहुंच रहा है? इतना बवाल क्यों मचाया जा रहा है?
यह भी पढ़ें: झारखंड में चुंबन प्रतियोगिता पर सीएम ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, पूर्व सीएम ने लगाए आरोप
झारखंड के लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया गांव के सालाना मेले में चुंबन प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, जो काफी सुर्खियों में रहा। हिंदू जागरण मंच के ऐसी प्रतियोगिता पर विरोध जताया। यहां तक की मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी इसे आदिवासी संस्कृति से खिलवाड़ करार दिया था।
चुंबन प्रतियोगिता पर उठे विवाद पर झामुमो विधायक साइमन मरांडी ने दुमका में मीडिया से बातचीत में दो-टूक कहा कि, 'बड़े लोग बड़े लोगों की पत्नी को खुलेआम चुंबन दे देते हैं। अगर वह जायज है तो आदिवासी अपनी पत्नी को चुंबन दे रहा है तो इतना आघात क्यों पहुंच रहा है? इतना बवाल क्यों मचाया जा रहा है?'
मरांडी ने कहा कि इस आयोजन को और संताली प्रक्रिया को हिंदू दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुंबन प्रतियोगिता के आयोजक को सजा देने की बात चल रही है। मरांडी ने कहा कि संताल में सजा के लिए मांझी हाड़ाम के पास जाते हैं। वहां बात नहीं बनती है तो मोड़े मांझी, फिर उसके उपर लो वीर वैसी है। जहां पानी का पानी और दूध का दूध हो जाता है।