झारखंड में डायन के शक में एक बार फिर एक महिला को दर्दनाक मौत दे दी गई। फांसी लगाकर उसकी हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े टुकड़े कर दिए गए। आरोपियों को शक था कि महिला जादू टोना करती है, इसके बाद ही कई लोगों ने उस पर हमला किया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के परिवार ने पुलिस चौकी पर भी पथराव किया जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार मामला चाईबासा जिले का है। पुलिस ने बताया कि मामला उस समय संज्ञान में आया जब टाटानगर पुलिस थाना क्षेत्र में आने वाले दारा गांव का साधो पुर्ति ने बताया कि उसकी पत्नी बीते 26 जुलाई से गायब चल रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो उसके तीन बच्चों ने बताया कि उनकी मां बुदन सिंह तियू के यहां होरो त्यौहार मनाने गई थी। बच्चों ने बताया कि उसके बाद से उनकी मां वापस नहीं लौटी।
पुलिस ने बुदन को हिरासत में लिया तो उसने सरिता की हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने अन्य दो आरोपियों के नाम भी बताए जिनमें उत्तम पुर्ति और गाया कुकंल भी शामिल थे। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।