झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार रात दो अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की घटनाओं में दो बच्चों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। नरसिंहपुर पत्रा गांव में भाजपा विधायक आलोक चौरसिया के दूर के रिश्तेदार अर्जुन कुमार (10) और देव कुमार (12) की मौत हो गई, जबकि उनके पिता की हालत गंभीर है।
झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार रात दो अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की घटनाओं में दो बच्चों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस ने दी। पहली घटना पांकी थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर पत्रा गांव की है, जहां एक ही परिवार के दो बच्चों को सोते समय सांप ने डस लिया। मृतक बच्चे अर्जुन कुमार (10) और देव कुमार (12) भाजपा विधायक आलोक चौरसिया के दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विधायक आलोक चौरसिया ने बताया कि दोनों बच्चे अपने पिता प्रेम चौरसिया के साथ सो रहे थे, जब यह हादसा हुआ। तीनों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। रास्ते में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि पिता प्रेम चौरसिया की हालत नाजुक बनी हुई है।
दूसरी घटना बंसडीहा गांव की है, जहां एक दंपति को सांप ने काट लिया। दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान महिला शकुंतला देवी की मौत हो गई। उनके पति की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए कहा है कि घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन सतर्क है। सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।