अपने वैलेंटाइन डे को खास और यादगार बनाने के लिए लोग क्या- क्या नहीं करते हैं। कभी लोग महंगे गिफ्ट देते है तो कभी नए और अनोखे तरीके ढूंढते हैं जिससे वह अपने पार्टनर को सरप्राइज दे सकें। प्यार के इस हफ्ते को खास को बनाने के लिए इस बार डाक विभाग भी लोगों का साथ दे रहा है।
इस वैलेंटाइन डे पर आप अपनी तस्वीर और गुलाब की खुशबू बाले डाक टिकट अपने चाहने वालों को भेज सकते हैं। झारखंड में डाक विभाग ने जर्मनी से ये स्पेशल डाक टिकट मंगाए हैं। ये टिकट झारखंड के 13 डाक घरों में बृहस्पतिवार से मिलेगा।
झारखंड के मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर अनिल कुमार ने कहा कि झारखंड में डाक विभाग ने वैलेंटाइन सप्ताह को ध्यान में रखते हुए पहले ही एक हजार टिकट मंगावा लिए है। कोई भी अपनी तस्वीर इन टिकटों पर छपवा सकता है। यह तस्वीर टिकट पर उसी प्रकार छपेगी जैसे महात्मा गांधी या विवेकानंद की तस्वीर छपी होती है। इस पोस्टल स्टांप ब्रांड का नाम 'माई स्टांप' रखा गया है।
आप 500 रुपये में एक दर्जन टिकट खरीद सकते हैं। वहीं बिना खुशबू वाले टिकट आप 300 रुपये में खरीद सकते है। ये टिकट दर्जन के हिसाब से ही मिलेंगे। अनिल कुमार ने बताया कि इन स्टांप की खुशबू 10 सालों तक बनी रहेगी। इन्हें सामान्य डाक टिकट की तरह ही इस्तेमाल किया जा सकता है। यह कदम लोगों के रिश्तों को यादगार और मजबूत बनाने के लिए उठाया गया है।