झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एमवी राव ने कहा कि राज्य में खूंखार अपराधियों की सूची तैयार हो गई है। जल्द ही ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर उन्होंने अपनी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए इस दौरान हथियार का इस्तेमाल किया तो, उन्हें मार गिराया जाएगा।
दुमका में अपराध की समीक्षा बैठक में डीजीपी राव ने कहा कि राज्य की पुलिस हथियारबंद अपराधियों को मार गिराने में संकोच न करे। उन्होंने कहा, पुलिसकर्मी अपराधियों को गोली मारने में संकोच करती है। कानूनी पचड़ों और याचिकाओं में फंसने से डरती है, लेकिन मैंने पुलिस बल को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में संकोच नहीं करने को कहा है।
पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना है, अगर उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़े तो उन्हें हिचकना नहीं चाहिए। पुलिस की कार्रवाई में अगर कोई सशस्त्र अपराधी घायल हो जाता है या उसकी मृत्यु हो जाती है तो यह पूरी तरह कानूनन कार्रवाई होगी।