झारखंड के गिरिडीह की एक दुकान में चोरी करते दो पुलिसकर्मियों का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक अखिलेश वी वारियर ने उनके निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया है कि दोनों जवानों के खिलाफ स्थानीय नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने पुलिस के जवानों की गिरफ़्तारी से इनकार नहीं किया। घटना टुंडी रोड स्थित कागज़ की एक दुकान की है। यहां चोरों ने शटर तोड़कर चोरी करने की कोशिश की थी। इसके बाद थाने में चोरी की घटना के बारे में सूचना दी गई।
दुकानदार ने 400 रुपए की चोरी का मामला दर्ज करवाया, तफतीश के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। इसे देखते ही पुलिस अधिकारियों के माथे पर बल पड़ गये।