झारखंड के पलामू में कोरोना से दो मरीजों की मौत
- फोटो : ANI
देश में कोरोना के दैनिक मामलों में भले ही गिरावट आ रही हो लेकिन कोरोना का कहर अब राज्यों के छोटे-छोटे गांवों तक पहुंच गया है। झारखंड के पलामू जिले के आदिवासी बहुल गांव में पिछले 20 दिनों में 23 मौतें हुई हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
दो लोगों की मौत कोरोना से हुई
मेदिनीनगर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले सुआ और कोडिया गांव में पिछले 20 दिनों में 23 लोगों की मौत हो गई। इनमें से दो लोगों की मौत कोरोना की वजह से हुई, जबकि सुआ गांव में नौ मौत और कोडिया गांव में 14 मौतें हुईं। पलामू जिले के उपजिलाधिकारी शशिरंजन ने बताया कि इनमें से कुछ लोगों की मौत प्राकृतिक है तो कुछ लोगों की मौत पहले से पनपी बीमारी की वजह से हुई।
सूचना मिलते ही शुरू की जांच
इसके अलावा हजारीबाग जिले में भी 12 दिन में 10 लोगों की मौत हुई है। हजारीबाग जिले के खुटरा गांव में पिछले 12 दिनों में दस लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़ा अपने आप में चौंकाने वाला है। पलामू जिले के उपजिलाधिकारी शशिरंजन ने कहा कि यहां जिला प्रशासन और मेडिकल टीम ने जांच की। कोविड डाटा के रिकॉर्ड का सर्वे किया जा रहा है। इन गांव में कोविड मरीजों को ऑक्सीमीटर दिया जा रहा है।
ये मौतें 25 अप्रैल और 15 मई के बीच हुई हैं। क्षेत्रीय कमिश्नर जटाशंकर चौधरी ने बताया कि उन्होंने उपजिलाधिकारी को गांव में मेडिकल कैंप लगाने के साथ-साथ कोविड-19 टेस्ट की सुविधा प्रदान करने को भी कहा है।