फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खिलाड़ियों को करोड़ों का इनाम: पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन; झारखंड में 25 अक्तूबर तक आवेदन का मौका

Tue, 13 Oct 2026 02:37 PM IST
तरुणेंद्र कुमार चतुर्वेदी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने नकद पुरस्कार और पेंशन के प्रावधानों में संशोधन किया है। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता को पांच करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि पात्र पूर्व खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को 20 हजार रुपये तक मासिक पेंशन मिल सकेगी। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर 2026 है।
विज्ञापन
सीएम हेमंत सोरेन। फाइल फोटो - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और पूर्व खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए झारखंड सरकार ने नकद पुरस्कार और पेंशन का बड़ा प्रावधान किया है। राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने झारखंड खेल नीति-2022 के तहत इनामी राशि में संशोधन किया है। इसके साथ ही संशोधित झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत रांची जिला प्रशासन ने पात्र खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
विज्ञापन


इस व्यवस्था के तहत ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को पांच करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं पात्र पूर्व खिलाड़ियों को उपलब्धियों के आधार पर प्रतिमाह पांच हजार रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक की पेंशन मिलेगी। इच्छुक खिलाड़ी 25 अक्तूबर 2026 की शाम पांच बजे तक जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक पर इनामी राशि
संशोधित नियमों के अनुसार ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर तीन करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को दो करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को सात लाख रुपये दिए जाएंगे। पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को 25 लाख रुपये, रजत विजेता को 15 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 10 लाख रुपये मिलेंगे। इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों को डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे।
विज्ञापन


एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक पर 40 लाख रुपये, रजत पदक पर 25 लाख रुपये तथा कांस्य पदक पर 12 लाख रुपये मिलेंगे। इन प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए डेढ़ लाख रुपये निर्धारित हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर पांच लाख रुपये, रजत पदक पर तीन लाख रुपये और कांस्य पदक पर दो लाख रुपये दिए जाएंगे।

प्रशिक्षकों को सम्मान और रिकॉर्ड बनाने पर अतिरिक्त राशि
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले खिलाड़ियों को अतिरिक्त राशि दी जाएगी। विश्व रिकॉर्ड बनाने पर पांच लाख रुपये, एशियाई रिकॉर्ड पर तीन लाख रुपये और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने पर दो लाख रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। असाधारण उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री की मंजूरी से अधिकतम 10 लाख रुपये तक की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिल सकती है।

खिलाड़ियों को तैयार करने वाले प्रशिक्षकों के लिए भी पुरस्कार राशि तय की गई है। ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता के कोच को 25 लाख रुपये, रजत पदक विजेता के कोच को 15 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता के कोच को 10 लाख रुपये मिलेंगे। एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता के प्रशिक्षक को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। एक से अधिक कोच होने पर राशि तय अनुपात में बांटी जाएगी।

पूर्व खिलाड़ियों के लिए पेंशन के नियम और पात्रता शर्तें
झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत ओलंपिक व पैरालंपिक पदक विजेताओं तथा मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को प्रतिमाह 20 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप के स्वर्ण विजेताओं को 16 हजार रुपये दिए जाएंगे। विश्व कप के रजत या कांस्य विजेताओं और एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 14 हजार रुपये मिलेंगे। एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों के रजत-कांस्य विजेताओं और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के पदक विजेताओं को 12 हजार रुपये दिए जाएंगे। साफ गेम्स व राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण विजेताओं तथा ओलंपिक प्रतिभागियों को 10 हजार रुपये, रजत-कांस्य विजेताओं को आठ हजार रुपये और राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।

ये भी पढ़ें- बिहार: पटना में एक बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े AISA-RYA के प्रदर्शनकारी; डाकबंगला चौराहे की ओर आवाजाही प्रभावित
विज्ञापन


आवेदक का राज्य का स्थायी निवासी होना, खेल से सेवानिवृत्त होना और न्यूनतम आयु 40 वर्ष होना जरूरी है। गंभीर बीमारी या दिव्यांगता पर आयु में 10 वर्ष तक की छूट मिल सकती है। सरकारी या सार्वजनिक उपक्रम के कर्मचारियों तथा अन्य खेल पेंशन लेने वालों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। पेंशनधारी की मृत्यु पर आश्रित को 50 प्रतिशत पारिवारिक पेंशन मिलेगी। आवेदक फॉर्म ranchi.nic.in या sports.jharkhand.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें