Jharkhand: चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अब सभी उम्मीदवार अपने-अपने सिंबल को जीत का आधार बनाकर जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है।
झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए। इसके साथ ही चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिन्हें अलग-अलग चुनाव चिन्ह प्रदान किए गए हैं।
विज्ञापन
मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो को बिस्किट चुनाव चिन्ह मिला है, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलखो को बेंच चिन्ह आवंटित किया गया है। वहीं झामुमो समर्थित उम्मीदवार सुजीत विजय आनंद कुजूर को ईंट चुनाव चिन्ह मिला है। अन्य उम्मीदवारों में देवी दयाल मुंडा को छड़ी, सोनू खलखो को कार्पेट, सुजाता कच्छप को बक्सा, विनोद कुमार बड़ाई को बैटरी टॉर्च, प्रवीण कच्छप को चूड़ियां, सुमन कांत तिग्गा को बाल्टी, किरण कुमारी को एयर कंडीशनर तथा सुरेंद्र लिंडा को कैमरा चुनाव चिन्ह दिया गया है।
चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अब सभी उम्मीदवार अपने-अपने सिंबल को जीत का आधार बनाकर जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है, वहीं सोशल मीडिया पर भी चुनाव चिन्ह के साथ प्रचार तेज हो गया है।
उधर, वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी भी चुनाव चिन्ह मिलने के बाद काफी उत्साहित नजर आए। राजनीतिक गलियारों में इस बार रांची मेयर पद का मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का माना जा रहा है। इधर प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।