झारखंड के खुंटी में भाजपा नेता और उसके परिवार की हत्या के बाद सांत्वना देने सदर अस्पताल पहुंचे झारखंड सरकार के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे मंत्री पर मागो मुंडू की बेटी पर्मिला मुंडू ने थप्पड़ चला दिया। उसने मंत्री के पेट में दोनों हाथों से जोरदार हमला किया।
परिजनों का हाल जानने पहुंचे मंत्री नीलकंठ को थप्पड़ मारने के बाद पर्मिला ने आवेश में मंत्री को जाने को कहा। साथ ही उसने गुस्से में कहा कि तुमलोगों के कारण ही मेरे परिवार की हत्या हुई है। जिसके बाद परिजनों ने मिलकर पर्मिला का मुंह बंद कर दिया ताकि वह और कुछ ज्यादा न बोल सके। इसके बाद भी पर्मिला उंगली दिखाते हुए काफी भला-बुरा कहती रही।
मंत्री वार्ड से बाहर निकले और गांव के युवकों को बुलाकर घटनाक्रम की जानकारी ली। मंत्री नीलकंठ ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि जिस तरह की घटना घटी है, इससे मैं बहुत आहत हूं। मागो मुंडू मेरे परिवार के सदस्य की तरह थे।
बता दें कि खुंटी में मागो मुंडू, उनकी पत्नी और बेटे की हत्या सोमवार की रात हथिरयारबंद अपराधियों ने उनके घर में कर दी थी। सोमवार की रात पांच वर्दीधारी अपराधियों ने मुंडू के घर पर गोलीबारी की। मागो के घर के आंगन से लेकर अंदर तक जो जहां मिला उसे मारकर गिराते रहे। जिसके बाद इस हमले में मुंडू समेत उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई थी।
वारदात के बाद से ही पुलिस गांव में गश्त कर रही है और मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटी है।