झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और JMM विधायक और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित सिदो कान्हू पार्क में आदिवासी नेता सिदो और कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नई सरकार के लिए बहुत-बहुत शुमकामनाएं- राज्यपाल
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा, नई सरकार के लिए बहुत-बहुत शुमकामनाएं और हम विश्वास करते हैं कि ये प्रदेश निश्चित रूप से देश के अंदर अच्छा स्थान बनाएगा और अच्छी प्रगति करेगा।
यह झारखंड के लिए अच्छा दिन- डीके शिवकुमार
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के बाद कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, यह झारखंड के लिए अच्छा दिन है। लोगों ने बहुत विश्वास दिखाया है। मुझे यकीन है कि पूरा गठबंधन बहुत अच्छे से काम करेगा। यह एक बड़ा सबक है क्योंकि उन्होंने उन्हें परेशान करने की कोशिश की। नेताओं को परेशान करने से कोई फायदा नहीं इसलिए, यह भी कर्नाटक के बाद के उदाहरणों में से एक है।
'अब झारखंड देश का नंबर 1 राज्य जरूर बनेगा'
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के बाद JMM सांसद महुआ माजी ने कहा, झारखंड के लिए इससे खुशी की बात क्या हो सकती है कि हेमंत सोरेन चौथी बार सीएम बने हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया है। इससे मुझे पूरा विश्वास है कि अब झारखंड देश का नंबर 1 राज्य जरूर बनेगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के शपथ समारोह में शामिल होने के बाद रांची से रवाना हुए।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के शपथ समारोह में शामिल होने के बाद रांची से रवाना हुईं।
रांची (झारखंड): RJD नेता तेजस्वी यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य नेता झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेता झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रांची पहुंचीं।
रांची: झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले JMM के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन के आवास पर पहुंचे।
रांची: झारखंड के मनोनीत सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी और जेएमएम नेता कल्पना सोरेन अपने आवास से रवाना हुए। हेमंत सोरेन आज झारखंड के सीएम पद की शपथ लेंगे।
हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। एक भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस समारोह में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के दिग्गजों समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शाम चार बजे हेमंत सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 49 साल के झामुमो नेता हेमंत सोरेन चौथी बार मुख्यमंत्री बने हैं।
ऐसे रहे परिणाम
हाल में हुए विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गमलियाल हेम्ब्रम को 39,791 मतों के अंतर से हराकर बरहेट सीट बरकरार रखी। सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीट हासिल करके जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 24 सीट मिलीं।
हेमंत सोरेन ने अकेले ही ली शपथ
हेमंत सोरेन ने आज अकेले ही राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। मामले में कांग्रेस महासचिव और झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि विधानसभा में विश्वास मत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। वहीं हेमंत सोरेन के शपथग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल हुए हैं।
ये दिग्गज भी रहे शपथग्रहण में शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में अन्य प्रमुख दलों के नेता भी शामिल हुए, इनमें भाकपा (माले) लिबरेशन महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल, शिवसेना (उबाठा) नेता उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता महबूबा मुफ्ती, तमिलनाडु से उदयनिधि स्टालिन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और बिहार के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नाम शामिल हैं।