फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड भी भाजपा के हाथ से फिसला, महागठबंधन को 47, भाजपा को 25 सीटों पर जीत

Tue, 24 Dec 2019 12:37 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

खास बातें

  • सीएम रघुवर दास समेत पांच मंत्री हारे
  • महागठबंधन को 47, भाजपा को 25 सीटों पर जीत
  • एक साल में पांचवां राज्य जहां भाजपा ने सत्ता गंवाई
  • 19 साल में पांचवीं बार सोरेन परिवार को मिलने जा रही है सत्ता
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:36 AM, 24-Dec-2019

सोनिया गांधी ने झारखंड के लोगों का आभार जताया

झारखंड में मिले जनादेश को लेकर कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यह जीत विशेष है और वर्तमान दौर में इसका काफी महत्व है। झारखंड के लोगों का भाजपा और उसके विभाजन के एजेंडे को नकारने के लिए बधाई के पात्र हैं, उनका विशेष्ज्ञ आभार। उन्होंने कहा कि इस जनादेश के साथ, लोगों ने जाति और धार्मिक आधार पर समाज को विभाजित करने के भाजपा के प्रयासों को हराया है।
 

 

10:37 PM, 23-Dec-2019

झारखंड विधानसभा चुनाव अब तक

झारखंड में हेमंत सोरेन की अगुवाई वाले झामुमो, कांग्रेस और राजद के महागठबंधन ने राज्य विधानसभा चुनावों में धमाकेदार जीत दर्ज की है। 81 सदस्यीय विधानसभा में जहां महागठबंधन ने बहुमत से ज्यादा 47 सीटें जीतीं, वहीं सत्तारूढ़ भाजपा को सिर्फ 25 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

चुनावों में भाजपा का 65 सीटें जीतने का अभियान ध्वस्त हो गया। इसी के साथ महाराष्ट्र में सत्ता से बाहर होने के बाद अब झारखंड भी भाजपा के हाथ से फिसल गया। एक साल में भाजपा ने पांच राज्यों (राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और अब झारखंड) में सत्ता गंवा दी। झारखंड के बनने के 19 साल के इतिहास में कोई भी सत्तारूढ़ पार्टी सत्ता में वापसी नहीं कर पाई है।

चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत भाजपा के 5 मंत्री हार गए। चुनाव पूर्व सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा से पहली बार अलग होकर चुनाव लड़ने वाली ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) पार्टी को भी 2 सीटें ही मिलीं। इस बीच महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार व झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन पिता शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हेमंत को जीत की बधाई दी है। 15 नवंबर, 2000 को बिहार से अलग होकर नया राज्य बनने के बाद झारखंड में 19 साल में पांचवीं बार सोरेन परिवार को सत्ता मिलने जा रही है। हेमंत के पिता तीन बार राज्य के सीएम रहे, वहीं हेमंत दूसरी बार सीएम पद संभालेंगे। इस बीच, करारी हार के बाद रघुबर दास ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

09:49 PM, 23-Dec-2019

#JharkhandAssemblyResults: चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन ने 39 सीटें जीतीं और भारतीय जनता पार्टी ने 18 सीटें जीतीं।
 

 

विज्ञापन
09:10 PM, 23-Dec-2019

रघुवर दास ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद कहा- जनादेश भाजपा के पक्ष में नहीं रहा। जो भी जनादेश रहा हम उसका सम्मान करते हैं। मुझे उम्मीद है कि हेमंत सोरेन और उनकी सरकार जनता की भलाई के लिए काम करेगी। 
 
 

06:56 PM, 23-Dec-2019

दोनों सीटों से जीते हेमंत 


हेमंत सोरेन ने दोनों सीटों दुमका और बरहेट से जीत दर्ज की। दुमका सीट पर 13188 वोट और बरहेट सीट पर 25740 वोटों से जीते। 

नतीजे - 23 सीटें

भाजपा-9
झामुमो-8
कांग्रेस-4
आजसू-1
सीपीआई (एमएल) (लिबरेशन)-1

  

रुझान : 58

भाजपा- 16
झामुमो- 22
कांग्रेस- 11
राजद-1
झाविमो (पी)- 3
आजसू- 2
राकांपा- 1
निर्दलीय- 2

 

विज्ञापन
06:13 PM, 23-Dec-2019

झारखंड चुनाव नतीजों पर अमित शाह ने कहा, जनादेश का सम्मान करते हैं। 
 

पीएम मोदी ने भी हेमंत सोरेन को जीत की बधाई दी। 
 

 

05:43 PM, 23-Dec-2019

अब तक की दलीय स्थिति 

05:09 PM, 23-Dec-2019

हेमंत सोरेन दोनों सीटों पर आगे 

73449 वोटों के साथ दुमका सीट से आगे चल रहे हैं झामुमो के हेमंत सोरेन। भाजपा के लुइस मरांडी 62756 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर। बरहेट में भी सोरेन 61129 वोटों के साथ सबसे आगे। 
 

04:50 PM, 23-Dec-2019

हेमंत सोरेन ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा- 

-जनता ने स्पष्ट बहुमत दिया है।
-जनादेश के लिए झारखंड की जनता का धन्यवाद।
-गुरुजी को, सोनिया जी, राहुल जी, प्रियंका जी, लालू जी का आभार।
-मेरे लिए आज संकल्प लेने का दिन। 
-आज से इस राज्य के लिए नया अध्याय शुरू होगा। 
 
 

04:04 PM, 23-Dec-2019

पहला नतीजा आया 

झारखंड चुनाव में पहला नतीजा घोषित। भाजपा के कोचे मुंडा ने तोरपा सीट पर जेएमएम के सुदीप गुरिया को हराया। 

 

04:00 PM, 23-Dec-2019

अभी तक के नतीजों में दलों की स्थिति 
 
 

03:22 PM, 23-Dec-2019

सरयू राय बोले- निर्दलीय ही रहूंगा

निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय से जब पूछा गया कि वह भाजपा के साथ जाएंगे या कांग्रेस गठबंधन के साथ, उन्होंने कहा कि मैं निर्दलीय ही बना रहूंगा और सरकार का उसके फैसले के आधार पर विरोध या समर्थन करूंगा। 
 
 

03:18 PM, 23-Dec-2019

पिता से मिलने पहुंचे हेमंत सोरेन 

रांची में पिता शिबू सोरेन से मिलने उनके आवास पहुंचे हेमंत सोरेन।  हेमंत सोरेन दुमका सीट पर पीछे हैं लेकिन बरहेट से आगे चल रहे हैं।
 
 

02:45 PM, 23-Dec-2019

कौन आगे कौन पीछे

-जमशेदपुर पूर्व से सीएम रघुवर दास निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय से 4643 वोटों से पीछे। 
-जेएमएम के हेमंत सोरेन दुमका सीट पर 461 वोटों से पीछे, लेकिन बरहेट से 9948 वोटों से आगे।
-पूर्व सीएम व झारखंड विकसा मोर्चा (पी) प्रमुख बाबूलाल मरांडी धनवर सीट से 18645 वोटों से आगे। 
-आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो सिल्ली सीट से 17125 वोटों से आगे।  
 

01:53 PM, 23-Dec-2019

रुझानों में बहुमत से पीछे कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन

ताजा रुझानों के मुताबिक कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन बहुमत से एक सीट पीछे हैं। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी  या गठबंधन को 41 सीट लाना जरूरी है। कांग्रेस-जेएमएम और राजद गठबंधन फिलहाल 40 सीटों पर आगे हैं जबकि भाजपा के उम्मीदवार 32 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

01:40 PM, 23-Dec-2019

भाजपा में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं- सरयू राय

रुझानों में सीएम रघुवर दास से आगे निकले भाजपा के बागी नेता सरयू राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता भी काफी खुश हैं। परिस्थितियां तय करती हैं। कौन मुस्कुराएगा कौन गमगीन होगा यह समय तय करता है। अब मैं किसी घर में जाने वाला नहीं हूं। मेरी कोई महत्वकांक्षा नहीं है, पार्टी के लोग पहचानते तो यह स्थिति नहीं होगी। मैं तटस्थ रहूंगा। राज्य में जो भी सरकार बनेगी वह राजहित में होगा तो मैं समर्थन करूंगा। भाजपा में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं है।

01:20 PM, 23-Dec-2019

सुदेश महतो आगे

आजसू के नेता सुदेश महतो सिल्ली विधानसभा सीट से 10400 वोटों से आगे चल रहे हैं, जेएमएम की सीमा देवी पीछे चल रही हैं।

01:12 PM, 23-Dec-2019

भाजपा 29 सीटों पर और कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन 41 सीटों पर आगे

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है और अब तक मिले रुझानों के अनुसार, राज्य की 41 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन आगे है वहीं भाजपा 29 सीटों पर आगे चल रही है। गठबंधन में जेएमएम 24 विधानसभा सीटों पर, कांग्रेस 12 विधानसभा सीटों पर, राजद पांच विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं जेवीएम (पी) तीन सीटों पर, आजसू दो , भाकपा माले, एनसीपी एक-एक सीट पर और निर्दलीय तीन विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है।

12:51 PM, 23-Dec-2019

छह सीटों पर कांटे की टक्कर

झारखंड के रुझानों में छह सीटें ऐसी हैं जहां कांटे की टक्कर चल रही है। इन सीटों पर जीत-हार का अंतर हजार वोटों से भी कम चल रहा है और इनमें 3 सीटों पर भाजपा को बढ़त है। कम अंतर वाली सीटों में से दो पर जेएमएम गठबंधन आगे चल रहा है। वहीं एक सीट पर अन्य को बढ़त हासिल है।

12:34 PM, 23-Dec-2019

सीएम रघुवर से आगे निकले बागी सरयू राय, हेमंत सोरेन दोनों सीटों पर आगे

जमशेदपुर पूर्व से मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार रघुवर दास पीछे हो गए हैं। यहां से भाजपा के बागी नेता सरयू राय फिलहाल आगे चल रहे हैं। वहीं जेएमएम नेता हेमंत सोरेन दोनों सीट बरहेट और दुमका से आगे चल रहे हैं।
 

12:20 PM, 23-Dec-2019

ताजा रुझानों में गठबंधन सरकार तय

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है और अब तक मिले रुझानों के अनुसार, राज्य की 42 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन आगे है वहीं भाजपा 29 सीटों पर आगे चल रही है। गठबंधन में जेएमएम 25 विधानसभा सीटों पर, कांग्रेस 12 विधानसभा सीटों पर, राजद पांच विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं जेवीएम (पी) चार सीटों पर, आजसू दो , भाकपा माले, एनसीपी एक-एक सीट पर और निर्दलीय दो विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है।

11:54 AM, 23-Dec-2019

जश्न कोई भी मना सकता है, सरकार भाजपा ही बनाएगी: रघुवर दास

चुनाव नतीजों के रुझानों पर झारखंड के सीएम रघुवर दास ने कहा कि अभी नतीजे स्पष्ट नहीं है लेकिन जश्न तो कोई भी मना सकता है। उन्होंने कहा कि हम चुनाव जीत रहे हैं और भाजपा के नेतृत्व में सरकार बननी तय है। सीएम ने कहा कि जश्न कोई भी मना सकता है। रिजल्ट आने पर ही समीक्षा कर सकते हैं। अभी तीसरा राउंड ही चल रहा है, इसलिए मैं इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। हम जीत रहे हैं और सरकार भी भाजपा के नेतृत्व में बनाएंगे। सरयू राय के बागी होने पर नुकसान के सवाल दास ने कहा कि रिजल्ट तो आ ही रहा है न, खुद ही पता चल जाएगा कि किसने किसको डैमेज किया। अगर सरयू राय डैमेज करते तो भाजपा को जो नंबर आ रहा है उतना नहीं आता। कौन किसको डैमेज किया रिजल्ट आने पर पता चल जाएगा।

 

11:54 AM, 23-Dec-2019

तस्वीर साफ होने के साथ ही कांग्रेस दफ्तर में हुई आतिशबाजी

झारखंड विधानसभा चुनाव के अब तक मिले रुझानों में कांग्रेस-जेएमएम-राजद गठबंधन को बहुमत मिलने के स्पष्ट संकेत के बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। पार्टी मुख्यालय के बाहर आतिशबाजी के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की।

 

11:34 AM, 23-Dec-2019

रुझानों के मुताबिक भाजपा ने सत्ता गंवा दी है

रुझानों से साफ है कि अब कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन को बहुमत मिल रहा है और जेएमएम के हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बन सकते हैं। रुझानों के मुताबिक भाजपा ने सत्ता गंवा दी है और उसे 10 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। जेएमएम गठबंधन को रुझानों में 40, भाजपा को 29, आजसू को चार, जेवीएम को चार सीटों पर बढ़त मिल रही है। वहीं अन्य के खाते में 4 सीटें आ रही हैं।

11:29 AM, 23-Dec-2019

जमशेदपुर पूर्व सीट पर मुख्यमंत्री दास आगे, हेमंत सोरेन एक सीट पर आगे दूसरी पर पीछे

जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन बरहेट सीट पर 5319 वोटों से आगे चल रहे हैं, वहीं दूसरी सीट दुमका पर 5381 वोटों से पीछे हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से 1449 वोटों से आगे हैं।
 

11:24 AM, 23-Dec-2019

पार्टी पांच सीटों पर आगे, खुद सुदेश महतो पीछे

आजसू पार्टी के सुदेश महतो सिल्ली सीट से पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर जेएमएम की सीमा देवी 284 वोटों से आगे चल रही है। सुदेश महतो की पार्टी आजसू राज्य में पांच सीटों पर आगे चल रही है।
 
 

10:56 AM, 23-Dec-2019

रुझानों में जेएमएम-गठबंधन का सरकार बनना तय

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतगणना जारी है और अब तक मिले रुझानों के अनुसार, राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन 42 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम चार सीटों पर सुदेश महतो की पार्टी आजसू तीन सीटों पर और अन्य तीनों सीटों पर आगे हैं।

10:41 AM, 23-Dec-2019

कांग्रेस-जेएमएम और राजद गठबंधन को पूर्ण बहुमत

प्रारंभिक रुझानों के अनुसार, 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए मतगणना जारी है। अब तक 81 सीटों के मिले रुझानों में भाजपा 27 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। झामुमो, कांग्रेस और राजद का गठबंधन 43 विधानसभा सीटों पर आगे चल रहा है।

10:32 AM, 23-Dec-2019

मुख्यमंत्री रघुवर दास आगे, हेमंत सोरेन एक सीट पर आगे, दूसरी पर पीछे

प्रारंभिक रुझानों के अनुसार मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व विधानसभा सीट पर आगे चल रहे हैं लेकिन जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बरहेट सीट पर भाजपा उम्मीदवार से आगे और दुमका विधानसभा सीट पर भाजपा से ही पीछे चल रहे हैं।

10:17 AM, 23-Dec-2019

भाजपा को झटका

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 74 सीटों को रुझान आए हैं। जिनमें जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी को 39, भाजपा को 26, जेवीएम को 4, बसपा को दो, आजसू को 2 और सीपीआईएमएल को एक सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है।
 

10:13 AM, 23-Dec-2019

हेमंत सोरेन बनेंगे सीएम-तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्हीं के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। झारखंड में राजद के चार उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
 

 

10:01 AM, 23-Dec-2019

जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन को बहुमत

झारखंड के सभी 81 सीटों के रुझान आ चुके हैं। फिर एक बार जेएमएम+ आगे निकल गया है, अब गठबंधन 41 सीटों पर आगे है। भाजपा 31, आजसू 2, जेवीएम 4 सीटों और अन्य 4 सीटों पर आगे हैं। बहुमत का आंकड़ा 41 है जहां कांग्रेस-जेएमएम और राजद गठबंधन पहुंच चुका है।

09:25 AM, 23-Dec-2019

किंगमेकर बन सकते हैं आजसू चीफ सुदेश महतो

झारखंड विधानसभा चुनाव परिणाम के ताझा रुझानों में ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन के प्रमुख सुदेश महतो किंगमेकर की भूमिका निभा सकते हैं। रघुवर सरकार में भाजपा के साथी रहे सुदेश महतो इस चुनाव में अलग चुनाव लड़े थे। रुझानों में उनकी पार्टी आजसू को सात सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं।

09:01 AM, 23-Dec-2019

झारखंड में त्रिशंकु विधानसभा के आसार

शुरुआती रुझानों में झारखंड में त्रिशंकु विधानसभा के आसार दिखाई दे रहे हैं। यहां आजसू और जेपीएम जैसी छोटी पार्टियां किंग मेकर की भूमिका निभा सकती हैं।

08:36 AM, 23-Dec-2019

बरहेट और दुमका से हेमंत सोरेने आगे

दुमका से झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेने आगे चल रहे हैं जबकि बरहेट से वह पीछे चल रहे हैं। सिल्ली से आजसू के सुदेश महतो आगे हैं। राष्ट्रीय जनता दल भी दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बाबूलाल मरांडी धनबाद से आगे हैं।

08:29 AM, 23-Dec-2019

सीएम रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से आगे, बागी सरयू राय पीछे

मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से आगे हैं। रघुवर दास राज्य के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है। बागी सरयू राय इस सीट से पीछे चल रहे हैं।

08:18 AM, 23-Dec-2019

झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन 22 सीटों के साथ बढ़त बनाए हुए है। वहीं, भाजपा 15 सीटों पर आगे है। आजसू तीन जबकि जेवीएम दो सीटों पर आगे है। अन्य 12 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

08:16 AM, 23-Dec-2019

ये हैं महत्वपूर्ण सीटें और इन नेताओं के भाग्य का फैसला

रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से अपने पूर्व कैबिनेट मंत्री सरयू राय (निर्दलीय) और कांग्रेस के गौरव वल्लभ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो सीटों- दुमका और बरहेट से चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका से उनके खिलाफ भाजपा ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लुईस मरांडी को खड़ा किया है। आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव हार गए थे। वह इस बार सिल्ली सीट से दोबारा अपना भाग्य आजमा रहे हैं। पूर्व मिख्यमंत्री और जेवीएम-पी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

 

08:16 AM, 23-Dec-2019

ये हैं मुख्य राजनीतिक पार्टियां

आदिवासी बहुल राज्य झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और झारखंड विकास मोर्चा- प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) चुनाव के मैदान में उतरीं मुख्य पार्टियां है।

08:02 AM, 23-Dec-2019

झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। रुझानों में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस सात सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। 

05:14 AM, 23-Dec-2019

चुनाव आयोग ने भी की है यह व्यवस्था

चुनाव आयोग ने भी झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणामों के प्रसार की व्यवस्था की है। आयोग ने इसके लिए एक एकीकृत आईसीटी काउंटिंग एप्लिकेशन विकसित किया है जो वेबसाइट http://results.eci.gov.in और मतदाता हेल्पलाइन (एंड्रॉइड और आईओएस) मोबाइल एप पर चुनाव परिणाम प्रदर्शित करेगा। आयोग वेबसाइट पर 23 दिसंबर, 2019 को सुबह आठ बजे से चुनाव परिणामों को डिस्प्ले करना शुरू कर देगा। यह आंकड़ा आयोग द्वारा विकसित केंद्रीकृत सॉफ्टवेयर ‘एनकोर’ में सीधे निर्वाचन अधिकारियों द्वारा दर्ज किया जाता है।

06:21 AM, 23-Dec-2019

एग्जिट पोल ने कही नए सियासी समीकरण की बात

इससे पहले विभिन्न चैनलों और सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के नतीजे जारी किए थे। इनमें से एबीपी/सी-वोटर के एग्जिट पोल में कहा गया था कि झामुमो, कांग्रेस और राजद 35 सीटें बरकरार रखेंगे। हालांकि इस एग्जिट पोल में वर्तमान में राज्य में सत्ताधारी पार्टी भाजपा को 32, एजेएसयू को पांच और झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) को छह और अन्य को छह सीटें मिलने की संभावना जताई थी।


वहीं इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में भाजपा को कांग्रेस से पीछे जाते दिखाया गया था। इसमें झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन के 38 से 50 सीटों और भाजपा को 22 से 32 सीटों के बीच जीत दर्ज करने की बात कही गई थी। एजेएसयू को तीन से पांच सीटें और जेवीएम-पी को दो से चार और अन्य को चार से सात सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी।

04:31 AM, 23-Dec-2019

झारखंड भी भाजपा के हाथ से फिसला, महागठबंधन को 47, भाजपा को 25 सीटों पर जीत

झारखंड विधानसभा चुनावों के नतीजे आज यानि सोमवार 23 दिसंबर को आ गए। कांग्रेस-झामुमो गठबंधन भाजपा पर भारी पड़ा है। बता दें कि राज्य की 81 विधानसभा सीटें 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान हुआ था।

झारखंड विधानसभा चुनाव के सोमवार सुबह होने वाली मतगणना और नतीजों के लिए सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद कर दी गई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 24 जिला मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। अंतिम परिणाम दोपहर एक बजे तक घोषित किए जाने की संभावना है।



भारतीय निर्वाचन आयोग के अनुसार, 2019 के ताजा चुनावों में 81 विधानसभा क्षेत्रों में पांच चरणों में कुल 65.17 फीसदी मतदान हुआ है। जबकि 2014 के चुनावों 66.53 प्रतिशत मतदान हुआ था। साल 2014 के चुनावों में भाजपा को 37 सीटें जीतने पर स्पष्ट बहुमत मिला था। जबकि उसकी सहयोगी पार्टी एजेएसयू पांच विधानसभा सीटें जीतने में कामयाब रही थी।


ताजा चुनावी नतीजों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुबर दास का कहना है कि उन्हें जनता उनकी पार्टी को एक बार जिताएगी। बता दें कि रघुबर दास राज्य में मुख्यमंत्री पद का कार्यकाल पूर्ण करने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2020 को समाप्त हो जाएगा। यह झारखंड में चौथा विधानसभा चुनाव है, साल 2000 में बिहार से अलग होने के बाद इस राज्य का गठन किया गया था।

अमर उजाला डॉट कॉम पर जानिए सटीक नतीजे
अमर उजाला डॉट कॉम आपको झारखंड विधानसभा चुनाव के सटीक नतीजे बताएगा। हम आपको बताएंगे चुनाव नतीजे से जुड़ा हर अपडेट और साथ ही करेंगे हार-जीत का विश्लेषण। हम आपके साथ सुबह सात बजे से ही होंगे।

हम आपको बताएंगे तेजी से बदलता सीटों का आंकड़ा और इसका पूरा विश्लेषण। दिग्गजों की सीटों का हाल और सियासी प्रतिक्रियाएं। चुनाव प्रचार के दौरान यहां जबरदस्त चुनाव प्रचार अभियान चला। भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने रैली की। वहीं, कांग्रेस की ओर से कमान संभाली राहुल गांधी ने।

इन्होंने अपने भाषणों में वादों का पिटारा खोला। भाषणों में नागरिकता कानून और पाकिस्तान का मुद्दा भी खूब उछला। हालांकि नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल नतीजे कह रहे हैं कि कांग्रेस गठबंधन भाजपा पर भारी पड़ रहा है। यानि भाजपा को एक और राज्य गंवाना पड़ सकता है। बस आप 23 दिसंबर को बने रहिए amarujala.com के साथ और जानिए हर अपडेट।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें