झारखंड में भाजपा सरकार को हटाकर अपनी सत्ता कायम करने के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दूसरे चरण के मतदान के बाद तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए सोमवार को राहुल गांधी हजारीबाग के बड़कागांव में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भूमि अधिग्रहण विधेयक, 2013 लेकर आई थी, जिसमें भूमि अधिग्रहण के लिए शर्ते थीं, नरेंद्र मोदी ने उसका विरोध किया था। अब पंचायत की सहमति के बिना ही भाजपा सरकार राज्यों में जमीनें हड़प रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन सरकार बनाती है तो झारखंड के लोगों को जल, जंगल, जमीन वापस दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को देखकर कहती है कि यह रेप कैपिटल बन गया है। यूपी के भाजपा विधायक ने दुष्कर्म किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ नहीं बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने किसानों से धान की खरीद 2,500 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की है। अगर विपक्षी गठबंधन सत्ता में आती है तो झारखंड के किसानों को भी यही दर मिलेगा। राहुल ने दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज हमारे देश की महिलाएं डरे बिना घर से नहीं निकल सकतीं।
राहुल गांधी ने सवाल किया- क्या आपने कभी प्रधानमंत्री को किसी किसान से गले मिलते देखा है? प्रधानमंत्री का चेहरा टीवी पर दिखता है। यह फ्री में नहीं होता। इसके लिए बड़े-बड़े उद्योगपति पैसे देते हैं।
तीसरे चरण के तहत 12 दिसंबर को 17 सीटों पर मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण में 12 दिसंबर को 17 सीटों पर मतदान होना है। इसमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया और कांके विधानसभा सीट शामिल है।