Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: बाबूलाल मरांडी ने सभी से चुनाव में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर किसी को मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। यह लोकतंत्र का त्योहार है और हमें हर पांच साल में एक बार राज्य के विकास के लिए मतदान करने का मौका मिला है।
झारखंड में चल रहे विधानसभा चुनाव में बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरीडीह के एक मतदान केंद्र पर मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठ और बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन पर युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
बाबूलाल मरांडी ने सभी से चुनाव में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर किसी को मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। यह लोकतंत्र का त्योहार है और हमें हर पांच साल में एक बार राज्य के विकास के लिए मतदान करने का मौका मिला है। राज्य में घुसपैठ और बेरोजगारी प्रमुख मुद़्दा है। सीएम हेमंत सोरेन ने युवाओं को धोखा दिया है। हमने युवाओं से इस बार एनडीए का समर्थन करने की अपील की है।
झारखंड के लोग बदलना चाहते हैं सरकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की झामुमो सरकार पिछले पांच में भ्रष्टाचार में डूबी रही। इस बार झारखंड के लोग झामुमो सरकार को बदलना चाहते हैं। क्योंकि वे इन पांच वर्षों में काफी दर्द से गुजरे हैं। हर किसी ने संकट का सामना किया है। अब वह मौका आ गया है जब लोग एनडीए के पक्ष में परिवर्तन के लिए मतदान करेंगे।
विज्ञापन
उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन के निजी सहायक के आवास पर हुई आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर कहा कि काले धन के बिना यह संभव नहीं है। अगर कोई इस हद तक भ्रष्टाचार में डूबा है तो उसके पास हमारे कुछ नेताओं पर आरोप लगाने के अलावा क्या विकल्प है? बीजेपी-एनडीए को 51 से ज्यादा सीटें मिलेंगी और हम सरकार बनाने जा रहे हैं। मरांडी ने मतदाताओं से अंतिम चरण के मतदान में भाग लेने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा सभी मतदाता झारखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना वोट अवश्य डालें। युवाओं को रोजगार देने, माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने, अपराध पर नियंत्रण करने, घुसपैठ और भ्रष्टाचार मिटाने के लिए आपका एक-एक वोट महत्वपूर्ण है।
झारखंड में अब तक 48 फीसदी मतदान
झारखंड में दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान चल रहा है। दोपहर एक बजे तक करीब 48 फीसदी मतदान हो चुका है। बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी नजर आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मतदाताओं से मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया। 13 नवंबर को राज्य में पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान हुआ था।